बांग्लादेश में आज चुनाव, बीएनपी और जमात-ए-इस्लामी गठबंधन आमने सामने, मतदान जारी

February 12, 2026 12:49 PM

Bangladesh Election: बांग्लादेश आज 13वें संसदीय चुनाव के लिए मतदान कर रहा है। यह देश के लिए एक ऐतिहासिक दिन है क्योंकि 2024 में छात्र-नेतृत्व वाले बड़े आंदोलन के बाद शेख हसीना की 15 साल पुरानी सरकार गिरने के 18 महीने बाद पहली बार आम चुनाव हो रहे हैं। अवामी लीग को चुनाव से बाहर कर दिया गया है, और अब मुख्य लड़ाई बीएनपी (बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी) और जमात-ए-इस्लामी के गठबंधन के बीच है।

बांग्लादेश में आज आम संसदीय चुनाव के लिए मतदान जारी है, लेकिन इस दौरान हिंसा की कई घटनाएं सामने आई हैं। खुलना सदर के आलिया मदरसा मतदान केंद्र के बाहर बीएनपी (BNP) नेता मोहिबुज्जमान कोच्चि (55 वर्षीय, खुलना मेट्रोपॉलिटन बीएनपी के पूर्व ऑफिस सेक्रेटरी) की मौत हो गई, जिससे राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। बीएनपी का आरोप है कि जमात-ए-इस्लामी के एक नेता ने उन्हें धक्का दिया, जिससे उनका सिर पेड़ से टकराया और मौत हो गई, जबकि जमात पक्ष का दावा है कि हंगामे के दौरान कोच्चि अचानक बीमार पड़ गए और हार्ट अटैक से उनकी मौत हुई।

दूसरी ओर, मुंशीगंज-3 निर्वाचन क्षेत्र में मतदान केंद्र के बाहर देसी बम फेंके गए, जिससे कुछ समय के लिए वोटिंग रोकी गई, लेकिन बाद में बहाल हो गई। गोपालगंज सदर में भी एक मतदान केंद्र के पास बम विस्फोट हुआ, जिसमें दो अंसार जवान और एक 14 वर्षीय लड़की घायल हो गईं जिससे इलाके में दहशत फैल गई और सुरक्षा बलों को स्थिति संभालनी पड़ी।

मतदान सुबह 7:30 बजे शुरू हुआ और शाम 4:30 बजे तक चलेगा। देशभर में 299 सीटों (कुल 300 में से एक बाद में) पर 42,766 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जा रहे हैं। साथ ही एक राष्ट्रीय रेफरेंडम भी चल रहा है, जिसमें 84-पॉइंट सुधार पैकेज पर जनमत लिया जा रहा है। यह रेफरेंडम संविधान, चुनाव व्यवस्था और संस्थाओं में बड़े बदलाव ला सकता है।

कुल 12.77 करोड़ से ज्यादा पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें महिलाओं की संख्या 6.29 करोड़ है। खास बात यह है कि लगभग 2.7 मिलियन महिलाओं ने पहली बार वोटर बनकर नाम दर्ज कराया है, जो नए पुरुष वोटरों (1.87 मिलियन) से कहीं ज्यादा है। 18-37 साल के युवा मतदाता कुल का करीब 44% हैं, जो इस चुनाव में निर्णायक साबित हो सकते हैं।सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं। करीब 9.58 लाख सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं, और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल लगाए गए हैं। 1 लाख से ज्यादा सेना के जवान भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने और मतदान सुचारू रूप से कराने में मदद कर रहे हैं।

बीएनपी सबसे मजबूत स्थिति में दिख रही है। इसके चेयरमैन तारिक रहमान (पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे) को प्रधानमंत्री पद का सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है। 17 साल के निर्वासन के बाद दिसंबर 2025 में देश लौटे तारिक ने भ्रष्टाचार खत्म करने, नौकरियां बढ़ाने, कानून-व्यवस्था सुधारने और अभिव्यक्ति की आजादी जैसे वादों से लोगों को लुभाया है।

ओपिनियन पोल में बीएनपी को बड़ी बहुमत की संभावना जताई जा रही है।महिला उम्मीदवारों की हिस्सेदारी कम है। कुल 2,028 उम्मीदवारों में सिर्फ 83 महिलाएं (63 पार्टियों से और 20 निर्दलीय) मैदान में हैं,जो मात्र 4% है।

मतदान खत्म होने के बाद शाम को ही मतगणना शुरू होगी। परिणाम रात तक या कल सुबह तक साफ हो सकते हैं। यह चुनाव बांग्लादेश की लोकतंत्र बहाली और नई राजनीतिक दिशा तय करने वाला माना जा रहा है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 5 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now