लेंस डेस्क। नई दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ में भाग लेने के लिए फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भी इस समिट में हिस्सा लेने के लिए भारत पहुंच चुके हैं। मंगलवार को इस समिट का दूसरा दिन था। यह सम्मेलन दुनिया भर के नेताओं, टेक जगत के बड़े सीईओ और विशेषज्ञों को एक मंच पर ला रहा है, जहां कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के विभिन्न पहलुओं पर गहन चर्चा हो रही है।

दूसरे दिन रोबोटिक्स को लेकर समिट में गहमागहमी रही। यहां 300 से ज्यादा प्रदर्शनियां सजी हैं। समिट का मुख्य लक्ष्य एआई की शक्ति को वैश्विक स्तर पर सामने लाना है, साथ ही इसके संभावित जोखिमों को नियंत्रित करने के लिए एक मजबूत अंतरराष्ट्रीय रणनीति तैयार करना भी है।
एआई से जुड़े सबसे बड़े मुद्दों में रोजगार पर इसका असर और सुरक्षा संबंधी चुनौतियां प्रमुख हैं। विभिन्न सत्रों में इन पर विस्तार से बातचीत हो रही है। कई प्रमुख कंपनियों के प्रमुख और शोधकर्ता भविष्य के जॉब मार्केट में आने वाले नए अवसरों और खतरे पर अपनी राय साझा कर रहे हैं। इसके अलावा, एआई के बढ़ते उपयोग से डेटा सेंटर्स और पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभाव को भी गंभीरता से लिया जा रहा है।
दूसरे दिन प्रदर्शनी हॉल में एक खास नजारा देखने को मिला, जब एक एआई से लैस ह्यूमनॉइड रोबोट ने संगीत पर इंसानों की तरह डांस करके सबको हैरान कर दिया। भीड़ उसके चारों ओर जमा हो गई। यह रोबोट सेंसर, मशीन लर्निंग और रियल-टाइम बैलेंसिंग तकनीक से सुसज्जित है, जो न सिर्फ पहले से तय स्टेप्स करता है बल्कि आसपास की गतिविधियों के हिसाब से खुद को एडजस्ट भी कर लेता है। इससे पता चलता है कि रोबोट अब सिर्फ फैक्टरियों तक सीमित नहीं, बल्कि मनोरंजन, शिक्षा और सेवा क्षेत्रों में भी क्रांति ला सकते हैं।
समिट में एआई और रोबोटिक्स से जुड़ी कई कंपनियों ने अपने नवीनतम उत्पाद पेश किए। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) का फिजिकल एआई रोबोडॉग खासा आकर्षण रहा। यह चार पैरों वाला रोबोट जानवरों की तरह चलता है और जटिल समस्याओं को हल करने की क्षमता रखता है। इसका उपयोग निर्माण स्थलों, गोदामों और मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स में किया जा रहा है।
इसके अलावा, भारतीय स्टार्टअप सर्वम (Sarvam) ने अपना ‘केज’ (Kaze) एआई स्मार्ट ग्लासेस दिखाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद इन्हें पहनकर इसका अनुभव किया। कंपनी के सह-संस्थापक प्रत्युष कुमार ने बताया कि यह डिवाइस एआई को रोजमर्रा की जिंदगी में आसानी से शामिल करने के लिए बनाई गई है।











