रायपुर। शराब घोटाला मामले में आरोपी पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा (Kawasi Lakhma) ने छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी बजट सत्र में शामिल होने की अनुमति मांगी है। इस संबंध में उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को आवेदन सौंपा है। स्पीकर ने लखमा के आवेदन पर विधानसभा सचिवालय से अभिमत तलब किया है।
करीब एक साल से अधिक समय तक जेल में रहने के बाद कवासी लखमा को सुप्रीम कोर्ट से सशर्त जमानत मिली है। कोर्ट ने जमानत अवधि के दौरान प्रदेश से बाहर रहने के निर्देश दिए हैं, जबकि विधानसभा की कार्यवाही में भाग लेने को लेकर निर्णय का अधिकार स्पीकर को सौंपा गया है।
कोर्ट के आदेश के बाद लखमा ओडिशा के मलकानगिरी स्थानांतरित हो गए हैं। ओडिशा रवाना होने से पहले उन्होंने शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात की थी और बजट सत्र में भाग लेने की अनुमति को लेकर औपचारिक आवेदन दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक, सचिवालय से अभिमत मिलने के बाद विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह विधायक कवासी लखमा को बजट सत्र में शामिल होने की अनुमति पर फैसला लेंगे। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू होना प्रस्तावित है।









