नई दिल्ली। मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आगामी पंजाब विधान सभा चुनाव के लिए शिरोमणी अकाली दल (बादल) के साथ मिलकर गठबंधन की घोषणा की। भाजपा के दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान सुखबीर सिंह बादल और नितिन नवीन भी मौजूद थे। पंजाब विधान सभा चुनाव अगले साल फरवरी-मार्च में हो सकते हैं।
अकाली दल के साथ गठबंधन की घोषणा करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि “दोनों दल साथ-साथ कई चुनाव लड़े हैं, जीते हैं। हमारा रिश्ता वर्षों के दौरान अटूट रहा है।” अमित शाह ने अकाली दल (बादल) को गठबंधन में ‘बड़ा भाई’ बताया और कहा कि बहुमत मिलने पर मुख्यमंत्री अकाली दल का होगा।
अकाली दल (बादल) 2020 में कृषि कानून के मुद्दे पर एनडीए से अलग हो गया था। करीब छह साल बाद अकाली दल ने भाजपा से फिर से हाथ मिलाया है। आइए एक नजर डालते हैं इन दोनों दलों के गठबंधन के इतिहास पर।
भाजपा-अकाली दल का रिश्ता कितना पुराना?
भाजपा और अकाली दल के रिश्ते की शुरुआत 1960 के दशक में ही हो गई थी। 1967 में अकाली दल के गुरनाम सिंह के नेतृत्व में पंजाब में पहली बार गैर-कांग्रेसी सरकार बनी। उस गठबंधन सरकार में भाजपा की पूर्ववर्ती भारतीय जनसंघ शामिल थी। नेता लक्ष्मण सिंह गिल की बगावत के कारण यह सरकार छह महीने ही चल सकी। लक्ष्मण सिंह गिल के नेतृत्व में 16 विधायकों ने कांग्रेस को समर्थन दे दिया। हालांकि बागी अकालियों की बैशाखी पर टिकी कांग्रेस सरकार भी ज्यादा न चली और 1968 में राष्ट्रपति शासन लागू हो गया।
1969 में राज्य में चुनाव हुआ तो अकाली दल ने 43 सीटें जीतीं, जबकि भारतीय जनसंघ ने आठ सीटें। हालांकि 104 सदस्यों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए दो और सीटों की आवश्यकता थी, जिसकी कमी निर्दलीय विधायकों को साथ लेकर पूरी कर ली गई।
1996 का गठबंधन
अटल बिहारी वाजपेयी और प्रकाश सिंह बादल ने 1996 में भाजपा और अकाली दल के बीच औपचारिक गठबंधन की नींव रखी। तब से लेकर 2020 में गठबंधन टूटने तक दोनों दल तीन बार राज्य में सत्ता में रहे। गठबंधन के एक साल बाद ही 1997 में यह गठबंधन प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आया, लेकिन 2002 में फिर से कांग्रेस के हाथों हार का सामना करना पड़ा। फिर यह गठबंधन 2007 में सत्ता में लौटा और एक दशक तक पंजाब की कमान संभालता रहा।
कैसा था गठबंधन का प्रदर्शन?
इस गठबंधन का चुनावी इतिहास दिलचस्प है। अपने सबसे अच्छे प्रदर्शन के दौरान 1997 में अकाली दल और भाजपा के गठबंधन ने पंजाब की 117 विधानसभा सीटों में से 93 पर जीत हासिल की थी। दोनों दलों को मिलाकर 45.97 प्रतिशत वोट मिले थे। अकाली दल ने 94 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 75 सीटें जीती थीं, जबकि भाजपा ने 23 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे और 18 पर जीत हासिल की थी।
2002 का चुनाव इस गठबंधन के लिए अच्छा नहीं रहा और कांग्रेस के हाथों हार का सामना करना पड़ा। इस चुनाव में अकाली दल 92 सीटों पर लड़ी थी, जबकि 41 सीटें ही जीत पाई थी। वहीं भाजपा 23 सीटों पर लड़ी, लेकिन तीन सीटें ही जीत पाई। अकाली दल को 31.08 प्रतिशत वोट मिले थे, जबकि भाजपा को 5.67 प्रतिशत।
इसके बाद गठबंधन ने 2007 में फिर वापसी की। अकाली दल ने 37.09 प्रतिशत वोट हासिल कर 48 सीटें जीतीं, जबकि भाजपा को 8.28 प्रतिशत वोट मिले और उसने 19 सीटों पर जीत दर्ज की। इस तरह गठबंधन ने कुल 67 सीटें और 45.37 फीसदी वोट हासिल किए।
2012 में गठबंधन ने 68 सीटों पर जीत हासिल की। इनमें अकाली दल को 56 और भाजपा को 12 सीटें मिलीं। दोनों का संयुक्त वोट शेयर 41.91 फीसदी रहा। इस चुनाव में गठबंधन ने लगातार दूसरी बार सत्ता में लौटकर इतिहास रच दिया। पंजाब के पुनर्गठन के बाद पहली बार किसी सरकार ने लगातार दो कार्यकाल पूरे किए थे।
2012 से 2017 तक के दौरान गठबंधन का दूसरा कार्यकाल कई विवादों से घिरा रहा। मालवा क्षेत्र में कपास की फसल पर सफेद मक्खी के हमले के बाद किसानों का आंदोलन सरकार के सामने पहली बड़ी चुनौती बना। इसके बाद बेअदबी की घटनाओं, खासकर बरगाड़ी मामले और फिर कोटकपूरा तथा बहिबल कलां में पुलिस फायरिंग ने अकाली दल की साख को गहरा नुकसान पहुंचाया। चुनावों में यह मुद्दा आज भी पार्टी के लिए मुश्किल बना हुआ है।
2017 आते-आते गठबंधन की चुनावी स्थिति पूरी तरह बदल गई। कांग्रेस सत्ता में लौट आई। अकाली दल सिर्फ 15 सीटें जीत सका और उसे 25.42 फीसदी वोट मिले। वहीं, भाजपा को 5.4 फीसदी वोट के साथ सिर्फ तीन सीटें मिलीं। इस तरह दोनों पूर्व सहयोगी दलों का गठबंधन सिमटकर 18 सीटों पर रह गया और उनका संयुक्त वोट शेयर घटकर 30.82 फीसदी पर पहुंच गया।
2020 में टूटा गठबंधन
सितंबर 2020 में अकाली दल ने राजग से नाता तोड़ लिया। पंजाब में किसानों के व्यापक विरोध के बीच केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में पार्टी ने यह फैसला किया था। इस फैसले के साथ ही दोनों दलों की 24 साल पुरानी राजनीतिक साझेदारी भी खत्म हो गई थी।
इसके बाद से दोनों दल अपनी खोई हुई चुनावी जमीन वापस पाने के लिए संघर्ष करते रहे।








