नई दिल्ली | केरल (Kerala) के फूड, सिविल सप्लाईज और कंज्यूमर अफेयर्स मंत्री अनूप जैकब ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी को एक खत लिखकर ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) को 100 प्रतिशत शुद्ध पेट्रोल के सैंपल उपलब्ध कराने का निर्देश देने की मांग की है। उनका कहना है कि इन सैंपल की मदद से राज्य में बेचे जा रहे पेट्रोल में एथेनॉल की मिलावट मात्रा कितनी है, इस बात की जांच की जाएगी।
बता दें कि पेट्रोल में एथेनॉल की मिलावट को लेकर कर्नाटक से शुरू हुआ विवाद अब केरल तक पहुंच गया है। सबसे पहले कर्नाटक सरकार ने दावा किया था कि ई20 पेट्रोल में 20 प्रतिशत के बजाय 31.2 प्रतिशत एथेनॉल मिलाया जा रहा है। इसके बाद केरल सरकार ने भी ई20 पेट्रोल की जांच शुरू कर दी थी।
लैब टेस्ट के सैंपल का रिजल्ट आना है बाकी
केरल के सिविल सप्लाईज विभाग ने इस महीने की शुरुआत में पब्लिक सेक्टर की अलग-अलग तेल कंपनियों के पेट्रोल पंपों से फ्यूल के सैंपल इकट्ठा किए थे। इन सैंपल को जांच के लिए रीजनल केमिकल लैब भेजा गया है। हालांकि, जांच रिपोर्ट अभी सामने नहीं आई है।
केरल के मंत्री की क्या है मांग?
मंत्री अनूप जैकब ने अपने पत्र में कहा है कि विभाग ने निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत पेट्रोल के सैंपल एकत्र किए और उन्हें सरकारी केमिकल एग्जामिनर लैब में भेजा। हालांकि, सैंपल की क्रॉस-मैचिंग के लिए 100 प्रतिशत शुद्ध पेट्रोल की जरूरत बताई गई है। मंत्री के मुताबिक, ऐसे शुद्ध सैंपल केवल इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) और भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) जैसी तेल कंपनियां ही उपलब्ध करा सकती हैं। शुरुआत में कंपनियों ने सैंपल देने पर सहमति जताई थी, लेकिन बाद में उन्होंने सिविल सप्लाईज विभाग को मॉडल सैंपल देने से इनकार कर दिया।
‘जांच का उद्देश्य एथेनॉल की मात्रा सबके सामने लाना है’
अनूप जैकब ने आरोप लगाया है कि शुद्ध पेट्रोल के सैंपल हासिल करने के लिए वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों की ओर से की गई कई कोशिशें भी सफल नहीं हुईं। अनूप जैकब ने अपने पत्र में यह साफ किया है कि जांच का उद्देश्य तेल कंपनियों की छवि खराब करना नहीं है। सरकार का मकसद राज्य में सप्लाई किए जा रहे पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा को लेकर लोगों की आशंकाओं को दूर करना है।
उन्होंने पहले भी चेतावनी दी थी कि यदि राज्य में सप्लाई होने वाला पेट्रोल निर्धारित मानकों के विपरीत पाया जाता है, तो संबंधित कंपनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कर्नाटक से सामने आया था पहला एथेनॉल विवाद
पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा को लेकर विवाद की शुरुआत कर्नाटक से हुई थी। कांग्रेस शासित कर्नाटक सरकार ने दावा किया था कि राज्य में बेचे जा रहे पेट्रोल के कुछ सैंपल में निर्धारित 20 प्रतिशत से ज्यादा एथेनॉल पाया गया है। कर्नाटक के फूड और सिविल सप्लाईज मंत्री रिजवान अरशद ने एक प्राइवेट लैब की जांच का हवाला देते हुए दावा किया था कि इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOCL) के पेट्रोल सैंपल में 31.2 प्रतिशत और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPCL) के सैंपल में 30.5 प्रतिशत एथेनॉल मिला है।
हालांकि, केंद्र सरकार और सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने इन दावों को खारिज किया था। उन्होंने कर्नाटक सरकार की ओर से सैंपल एकत्र करने और उनकी जांच करने के तरीके पर सवाल उठाए थे।
इस विवाद पर केंद्रीय मंत्री ने क्या कहा?
इस विवाद के बीच केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने E20 फ्यूल को लेकर जताई जा रही चिंताओं को खारिज किया था। त्रिशूर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने राज्य सरकारों की ओर से किए जा रहे सैंपल टेस्ट और एथेनॉल ब्लेंडिंग से जुड़े दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भारत ने ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ARAI) की व्यापक रिसर्च और मंजूरी के बाद E20 फ्यूल को अपनाया है।








