उमरिया। मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में स्थित घुनघुटी (Ghunghuti) के जंगलों को प्राइवेट कंपनियों के हवाले कर दिया गया है। अलग–अलग 11 कंपनियों को जंगल के भीतर को जमीन कोयला खनन करने के लिए आवंटित को गई है। रायपुर की कंपनी बजरंग इस्पात ने इसी महीने से काम की शुरुआत कर दी है। हजारों को संख्या में पेड़ काटने के बाद, तालाबों और नालों को पाटने के आरोप कंपनी पर लग रहें हैं। इसके विरोध में ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। बीते 7 दिनों से ग्रामीण आंदोलन पर बैठे हुए हैं। विरोध कर रहे 18 ग्रामीणों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी के लोग पेड़ों की कटाई तो कर ही रहें हैं, लेकिन तालाबों और नालों को पाटने का काम भी कर रहें हैं। जिससे स्थानीय लोगों और वन्य जीवों के अस्तित्व पर संकट मंडरा रहा है। बीते दिनों हुई भालू की मौत को लेकर भी ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और मौत का कारण बजरंग इस्पात को माना जा रहा है।
तालाब की मिट्टी भराई से शुरू हुआ विवाद

दरअसल, गिठौरी गांव में बजरंग पावर की पथोरा वेस्ट कोल ब्लॉक परियोजना को लेकर ग्रामीणों का विरोध जारी है। ग्रामीणों का आरोप है कि खदान तक सड़क बनाने के लिए वर्षों पुराने नाम टांकी दोड़िया तालाब में मिट्टी भरी जा रही है। साथ ही खेती और चारागाह की जमीनों को लेकर भी विवाद सामने आया है।
ग्रामीणों का आरोप था कि वर्षों से उपयोग में आ रहे तालाब के साथ छेड़छाड़ की जा रही है, जिससे गांव के लोगों, मवेशियों और आसपास के वन्यजीवों के लिए जलस्रोत प्रभावित हो सकता है। इसी मुद्दे पर ग्रामीणों और कंपनी से जुड़े लोगों के बीच विवाद की स्थिति बनी। बाद में कंपनी से जुड़े लोगों की शिकायत पर 19 स्थानीय आदिवासी ग्रामीणों के खिलाफ पाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। एफआईआर के विरोध में ग्रामीणों ने पाली थाने का घेराव कर करीब 11 घंटे तक प्रदर्शन किया था।
ग्रामीणों की मांग थी कि कंपनी से जुड़े उन लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई हो, जिन पर उन्होंने मारपीट और अभद्रता के आरोप लगाए थे। अपर कलेक्टर की समझाइश के बाद ग्रामीण थाने से हटे, लेकिन अगले दिन उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर फिर विरोध दर्ज कराया। वहां मामले की जांच का आश्वासन दिया गया था। ग्रामीणों का कहना है कि महीने भर बीतने के बावजूद जांच किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंची है।
भालू की मौत से भड़का ग्रामीणों में आक्रोश
घुनघुटी वन क्षेत्र में एक भालू की रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट माने से मौत हो गई। भालू का शव मोर्चा फाटक से घुनघुटी रेलवे स्टेशन के बीच वन कक्ष क्रमांक 370 में मिला है। घटना के बाद वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कराई है। वन विभाग के अधिकारी दिगेंद्र सिंह पटेल के अनुसार भालू की मौत रेलवे की थर्ड लाइन में ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हो सकेगी।

वन्य जीवों के अस्तित्व पर बड़ा संकट
इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा और औद्योगिक गतिविधियों के बीच बढ़ते टकराव को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बजरंग पावर एंड इस्पात कंपनी द्वारा प्रस्तावित खदान क्षेत्र में दिनभर भारी वाहनों की आवाजाही हो रही है। लगातार वाहनों के शोर और आवाजाही से वन्यजीवों के प्राकृतिक रहवास पर असर पड़ने की आशंका है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल में मानवीय गतिविधियां बढ़ने से जंगली जानवर अपने सामान्य रास्तों से भटककर रेलवे ट्रैक और आबादी की ओर जाने को मजबूर हो सकते हैं। हालांकि भालू की मौत का कंपनी के वाहनों से सीधा संबंध अभी प्रमाणित नहीं हुआ है, लेकिन ग्रामीण इस पहलू की जांच की मांग कर रहे हैं।
मुख्य धारा की मिडिया ने बनाई दूरी
घुनघुटी में चल रहे इस बड़े जंगल बचाओ आंदोलन को लेकर स्थानीय लोगों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। लेकिन, मुख्य धारा की मिडिया और बड़े न्यूज चैनल्स ने इस मुद्दे से दूरी बना ली है। कोई भी बड़ा मीडिया हाउस इस मामले को दिखाने के लिए नहीं पहुंच रहा है। इसके पीछे यह कारण बताया जा रहा है कि, बजरंग इस्पात के मालिक एक बड़े न्यूज चैनल को संचालित करते हैं। जिसके चलते को भी न्यूज़ चैनल इस मुद्दे को दिखाना नहीं चाहता।
घुनघुटी पहुंचे कांग्रेस विधायक फुंदेलाल मार्को, आदिवासी जमीनों के अधिग्रहण पर उठाए सवाल
पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को घुनघुटी के गिठौरी गांव पहुंचे, जहां बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड की कोयला खदान परियोजना का ग्रामीण विरोध कर रहे हैं।आंदोलनकारियों के बीच पहुंचे विधायक ने आदिवासी परिवारों की जमीनों के अधिग्रहण और ग्रामसभा की सहमति को लेकर सवाल उठाए।
विधायक ने भूमि अधिग्रहण कानून 2013 की धारा 41(3), पेसा कानून और 18 नवंबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए फैसले का हवाला देते हुए कहा कि अनुसूचित क्षेत्रों में भूमि अधिग्रहण से पहले ग्रामसभा की पूर्व सहमति अनिवार्य है। उन्होंने प्रभावित आदिवासी परिवारों के अधिकारों की लड़ाई में साथ खड़े रहने और हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
क्या मामला है?
दरअसल, देश के सबसे प्रसिद्ध टाइगर (Tiger) रिजर्व बांधवगढ़ के बाघों के अस्तित्व पर अब खतरा मंडरा रहा है। केवल बाघ नहीं बल्कि, अन्य वन्य जीवों के अस्तित्व पर चिंता की लकीर खींच रही है। ऐसा इसलिए क्योंकि, सरकार ने बांधवगढ़ और अचानकमार टाइगर रिजर्व से सटे हुए घुनघुटी के जंगलों में कोयला खदान शुरू करने की अनुमति दे दी है। अब यहां प्राइवेट कंपनियों का आगमन शुरू हो गया है और पेड़ों को कटाई भी तेजी से जारी है।
मध्यप्रदेश के उमरिया और शहडोल जिले के बीच स्थित घुनघुटी का जंगल वन्यजीवों के लिए एक महत्वपूर्ण कॉरिडोर है। इस कॉरिडोर के जरिए बाघ, चीतल, सांभर, हाथी सहित अन्य वन्य जीव विचरण करते हुए एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र तक जाते हैं। लेकिन, अब सरकार ने 11 अलग– अलग कंपनियों को कोल ब्लॉक के ठेके दे दिए हैं। ये कंपनियां जंगल के बीचो– बीच पेड़ों की कटाई कर रहीं हैं और जमीन से कोयला निकालने की तैयारी कर रहीं हैं। जिसके चलते वन्य जीवों के अस्तित्व पर संकट गहरा गया है।










