लेंस डेस्क। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक वीडियो में दावा किया है कि उनके पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की सुरक्षा जानबूझकर कमजोर की गई थी। उनका कहना है कि ऐसा माहौल बनाया गया था ताकि उनकी हत्या हो सके। यह बात राहुल गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी के साथ एक खास बातचीत में कही। यह चर्चा सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ को लेकर हुई। किताब का विमोचन 16 नवंबर को दिल्ली में हुआ था।
राहुल ने मां को दी थी चेतावनी
राहुल गांधी ने वीडियो में बताया कि उन्होंने अपनी मां से साफ कहा था कि अगर पिता की सुरक्षा ठीक नहीं की गई तो जल्द ही उन्हें अंतिम संस्कार में शामिल होना पड़ सकता है। राजीव गांधी की 21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में आत्मघाती हमले में हत्या हो गई थी।
सोनिया गांधी ने बताया कि बिहार दौरे के बाद राहुल ने यह आशंका जताई थी। उस समय राजीव गांधी विपक्ष के नेता थे। वे खुली जीप में यात्रा कर रहे थे और लोगों ने उन पर पत्थर भी फेंके थे। सोनिया ने कहा कि जब किसी राज्य में विपक्षी दल की सरकार होती है तो सुरक्षा को लेकर लापरवाही बरती जाती है। राहुल ने उस बिहार दौरे को आखिरी चेतावनी बताया। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी वे सुरक्षा को लेकर चिंतित थे।
सुरक्षा को लेकर विपक्ष का रुख
राजीव गांधी राजनीति में आने से पहले पायलट थे। 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या के बाद वे प्रधानमंत्री बने। लंबे समय तक वे बुलेटप्रूफ जैकेट पहनकर रैलियों में जाते थे और उनकी सुरक्षा बहुत कड़ी रहती थी। विपक्षी नेता इसका मजाक उड़ाते थे। 1989 के चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद वीपी सिंह ने कहा था कि कमांडो से घिरे राजीव गांधी आम लोगों से दूर हो गए हैं।
1991 में बिहार की एक रैली में राजीव गांधी ने खुद स्वीकार किया था कि प्रधानमंत्री बनने के बाद सिस्टम ने उन्हें अपने कब्जे में ले लिया था। उन्होंने कहा था कि खतरा अभी भी कम नहीं हुआ है, लेकिन सुरक्षा और जनसंपर्क के बीच संतुलन बनाना मुश्किल है। इसके कुछ दिन बाद ही श्रीपेरंबदूर में उनकी हत्या हो गई।
परिवार की चिंता
प्रियंका गांधी ने बताया कि इंदिरा गांधी की हत्या के बाद उनकी मां सोनिया सुरक्षा को लेकर बहुत चिंतित रहती थीं। वे घर की कांटेदार तारों की जांच करती थीं और सुरक्षा गार्ड पर नजर रखती थीं। प्रियंका का कमरा घर के सामने था। वे तब तक नहीं सोती थीं जब तक उन्हें अपने पिता के कदमों की आवाज नहीं सुनाई देती थी।
2004 में प्रधानमंत्री पद ठुकराने का जिक्र
वीडियो में सोनिया गांधी ने 2004 का भी जिक्र किया। उस समय कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन की जीत के बाद उन्हें प्रधानमंत्री पद का प्रस्ताव मिला था। उन्होंने बताया कि उनके मन में सत्ता का आकर्षण जरूर था क्योंकि पूरे देश में कार्यकर्ताओं ने मेहनत की थी। लेकिन उन्होंने पद स्वीकार नहीं किया।
राहुल गांधी ने कहा कि उस फैसले के समय कमरे में मौजूद लोग खुश दिखे थे। उन्होंने मनमोहन सिंह का नाम लिया और कहा कि उनमें प्रधानमंत्री बनने की योग्यता मौजूद थी। सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि किताब उन्होंने अपनी यादों के आधार पर लिखी है। राहुल और प्रियंका ने भी अपनी यादें इसमें जोड़ी हैं। यह वीडियो सोनिया गांधी की किताब के लॉन्च के बाद चर्चा में आया है। राहुल गांधी के इस दावे ने एक बार फिर 1991 की उस घटना और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।’








