लेंस न्यूज डेस्क | बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान अकवान Akwan शुक्रवार सुबह आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट से टकरा गया। तूफान ने ओडिशा के गोपालपुर के पास सुबह 7:30 से 8:30 बजे के बीच तट पार किया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, तट से टकराते समय तूफान की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा थी, जबकि हवा के झोंके 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचे।
तूफान के तट पार करने से पहले मौसम विभाग ने इसके 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ने और हवा के झोंके 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान जताया था। हालांकि, तट के करीब पहुंचने से पहले इसकी तीव्रता कम हो गई और यह गंभीर चक्रवाती तूफान से सामान्य चक्रवाती तूफान में बदल गया।
ओडिशा और आंध्र में भारी बारिश का अलर्ट
चक्रवात के असर से ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की थी। आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम समेत कई तटीय जिलों में बारिश का असर देखने को मिला है।
मौसम विभाग के अनुसार, तूफान के तट पार करने के बाद भी इसका असर पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। अकवान के उत्तर-उत्तरपूर्व दिशा में आगे बढ़ने और धीरे-धीरे कमजोर होकर गहरे दबाव के क्षेत्र में बदलने का अनुमान है। ऐसे में ओडिशा और आंध्र प्रदेश के प्रभावित इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
ओडिशा में तीन लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया
चक्रवात के खतरे को देखते हुए ओडिशा सरकार ने बड़े पैमाने पर बचाव और राहत अभियान चलाया। संवेदनशील इलाकों से तीन लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। राहत शिविरों की व्यवस्था की गई और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल (ODRAF) तथा अग्निशमन विभाग की टीमों को तैनात किया गया।
प्रशासन ने समुद्र तट के आसपास रहने वाले लोगों और पर्यटकों को एहतियात बरतने की सलाह दी थी। मछुआरों को भी समुद्र में नहीं जाने के निर्देश दिए गए।
तट पार करने के बाद भी सतर्कता जरूरी
मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात के कमजोर पड़ने के बावजूद प्रभावित इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का खतरा बना रह सकता है। प्रशासन राहत और बचाव कार्यों पर नजर बनाए हुए है। लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और बिना जरूरी काम के घरों से बाहर न निकलें।










