जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों पर बड़ा आतंकी हमला, CRPF के 3 जवान घायल, बाइक सवार हमलावर फरार

जम्मू-कश्मीर के संवेदनशील जिले कुलगाम से एक बड़ी और दर्दनाक खबर सामने आ रही है। बुधवार दोपहर अज्ञात मोटरसाइकिल सवार आतंकियों ने नाका ड्यूटी पर तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों पर अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस अचानक हुए हमले में CRPF के तीन जवान घायल हो गए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से भागने में सफल रहे, जिसके बाद पूरे इलाके को सील कर गहन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।

दोपहर को हुआ हमला, अखरान कैंप के पास नाके को बनाया निशाना

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह वारदात दोपहर करीब 2:15 बजे कुलगाम जिले के मीर बाजार इलाके में स्थित CRPF के अखरान कैंप के पास हुई। उस वक्त सुरक्षाकर्मी नाके पर मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी निभा रहे थे। इसी दौरान बाइक पर आए अज्ञात हमलावरों ने स्वचालित हथियारों से जवानों पर गोलियाँ बरसानी शुरू कर दीं। गोलियों की आवाज़ से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। हमले में तीन जवान गोली लगने से घायल हो गए। साथी जवानों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की, लेकिन भीड़ और संकरी जगह का फायदा उठाकर हमलावर मौके से रफूचक्कर हो गए।

घायल जवानों का अस्पताल में इलाज जारी, दो की हालत नाजुक

घटना के तुरंत बाद घायल तीनों सुरक्षाकर्मियों को प्राथमिक उपचार के बाद अनंतनाग जिले के नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, घायल तीन जवानों में से दो की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जिनका इलाज विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में किया जा रहा है। हमले की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस और सेना के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँच गए हैं। पूरे कुलगाम और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है तथा फरार हमलावरों का सुराग लगाने के लिए नाकाबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

संवेदनशील माना जाता है कुलगाम इलाका, चार दिन पहले भी हुई थी कार्रवाई

दक्षिण कश्मीर का कुलगाम जिला श्रीनगर से लगभग 70 से 75 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यह इलाका अनंतनाग और शोपियां से सटा हुआ है, जिसे सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जाता है। यहाँ पहले भी सुरक्षाबलों को निशाना बनाकर कई आतंकी वारदातें अंजाम दी जा चुकी हैं।

गौरतलब है कि महज़ चार दिन पहले ही जम्मू-कश्मीर पुलिस ने श्रीनगर से आतंकियों के दो मददगारों को गिरफ्तार किया था। ये आरोपी एक आतंकी मॉड्यूल के ज़रिए महिलाओं को निशाना बना रहे थे और इलाके में अलगाववादी प्रचार फैलाने का काम कर रहे थे। इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियाँ पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट पर हैं।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now