दिल्ली की हवा को जहरीला बनाने में पटाखों का 71% योगदान, IITM की रिपोर्ट में खुलासा

नई दिल्ली। दिल्ली (Delhi)में पटाखों की वजह से प्रदूषण के स्तर में हुई बढ़ोतरी को लेकर इस वक्त खूब बहस चल रही है। एक धड़ा इस बात के खिलाफ है कि दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने की इकलौती वजह पटाखे थे, जबकि दूसरा धड़ा पॉल्यूशन में हुई बढ़ोतरी के लिए सिर्फ पटाखों को ही जिम्मेदार मान रहा है। इस बीच पुणे स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रॉपिकल मेटियोरोलॉजी (IITM) की हालिया स्टडी में एक बड़ा खुलासा हुआ है।

IITM की इस वैज्ञानिक स्टडी में बताया गया है कि दिवाली की रात के बाद दिल्ली में PM2.5 प्रदूषण में पटाखों की हिस्सेदारी 71.1 प्रतिशत तक पहुंच गई। यह आकलन पहली बार पटाखों से होने वाले प्रदूषण को आधिकारिक सोर्स-एपॉर्शनमेंट (प्रदूषण के स्रोतों के योगदान का विश्लेषण) में शामिल करता है।

पॉल्यूशन को बढ़ाने में पटाखों का सबसे बड़ा योगदान

IITM के रियल टाइम वैज्ञानिक आंकड़ों के आधार पर की गई इस स्टडी में 9 नवंबर को रात 1 बजे से लेकर सुबह 9 बजे तक के पॉल्यूशन स्तर का विश्लेषण किया गया। इसमें सामने आया कि दिवाली के तुरंत बाद दिल्ली की हवा में PM2.5 के स्तर में पटाखों का सबसे बड़ा योगदान रहा।

पहले और बाद के आंकड़ों में दिखा फर्क

इस स्टडी के मुताबिक, दिवाली से एक रात पहले PM2.5 प्रदूषण में पटाखों की हिस्सेदारी 43.4 प्रतिशत थी। वहीं 7 नवंबर को सुबह 1 बजे से 9 बजे के बीच यह योगदान महज 5.6 प्रतिशत दर्ज किया गया था, लेकिन दिवाली की रात पटाखे जलाए जाने के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 71.1 प्रतिशत हो गया।

दिवाली के अगले दिन PM2.5 के स्तर में आया उछाल

IITM के आंकड़ों में दिल्ली के कई एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशनों पर PM2.5 के स्तर में भी तेज उछाल दर्ज किया गया था। 9 नवंबर को सुबह 3 बजे जहांगीरपुरी में PM2.5 का स्तर 4,985 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक पहुंच गया, जबकि नेहरू नगर में यह 2,808 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया।

पटाखों के अलावा यह भी हैं प्रदूषण की वजह

इस स्टडी की रिपोर्ट में दिवाली से पहले PM2.5 प्रदूषण में पटाखों के अलावा कई दूसरे स्रोतों की बड़ी हिस्सेदारी का भी जिक्र है। इसमें वाहनों का धुआं, बायोमास जलाना, कचरा जलाना, सेकेंडरी एरोसोल और धूल शामिल हैं।
7 नवंबर की रात से दिवाली की सुबह 9 बजे तक प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों में:

  • सेकेंडरी ऑर्गेनिक एरोसोल: 20.8%
  • मिश्रित या बिना घुला हुआ बायोफ्यूल जलाना: 18.1%
  • कचरा जलाना: 11.6%
  • सेकेंडरी इनऑर्गेनिक एरोसोल: 10.3%
  • वाहनों से निकलने वाले उत्सर्जन: 8.8%
    हालांकि, दिवाली की रात के बाद इन आंकड़ों में बड़ा बदलाव देखने को मिला। पटाखे प्रदूषण का सबसे बड़ा स्रोत बन गए। वहीं, वाहनों का योगदान घटकर 6.9%, सेकेंडरी इनऑर्गेनिक एरोसोल का 5%, सेकेंडरी ऑर्गेनिक एरोसोल का 4.5% और कचरा जलाने का योगदान 1.1% रह गया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now