नई दिल्ली। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने दूध और डेयरी उत्पादों की पैकेजिंग के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। 1 जुलाई 2028 से सभी दूध, मिल्क प्रोडक्ट्स और कंपोजिट मिल्क प्रोडक्ट्स के पैकेट पर निर्धारित लोगो लगाना अनिवार्य होगा। FSSAI ने लेबलिंग और डिस्प्ले नियमों में संशोधन जारी किया है। इसके अनुसार, जो उत्पाद दूध से बने हैं या डेयरी मानकों के अंतर्गत आते हैं, उन पर यह लोगो लगाना जरूरी होगा। इससे उपभोक्ताओं को यह पहचानने में आसानी होगी कि उत्पाद असली दूध से बना है या नहीं।
लोगो का साइज कैसे तय होगा?
पैकेट के डिस्प्ले पैनल के आकार के हिसाब से लोगो का न्यूनतम आकार तय किया गया है:
100 वर्ग सेमी तक के पैनल पर – 6 मिमी
100 से 500 वर्ग सेमी तक – 8 मिमी
500 से 2500 वर्ग सेमी तक – 12 मिमी
2500 वर्ग सेमी से बड़े पैनल पर – 16 मिमी
लोगो आमतौर पर नीले रंग के चौकोर बॉक्स में सफेद दूध की बूंद के रूप में बताया जा रहा है।
कंपनियों को क्या करना होगा?
डेयरी कंपनियों को नए नियमों के मुताबिक अपनी पैकेजिंग और लेबलिंग में बदलाव करना होगा। FSSAI ने पर्याप्त समय दिया है, ताकि कंपनियां आसानी से नए नियमों का पालन कर सकें। यह नियम 1 जुलाई 2028 से लागू होगा। विशेषज्ञों के अनुसार, इस कदम से उपभोक्ताओं को सही जानकारी मिलने में मदद मिलेगी और नकली या मिश्रित उत्पादों से बचाव आसान होगा।






