अंबिकापुर | छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर शहर में पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाली एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। दुर्ग जिले से एक कैदी को अंबिकापुर केंद्रीय जेल दाखिल कराने आए दो पुलिसकर्मी शराब के नशे में इतने धुत हो गए कि प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास सड़क किनारे पड़े मिले। इतना ही नहीं, सुरक्षा के लिए मिली उनकी सरकारी इंसास राइफल (INSAS Rifle) भी पास में ही लावारिस हालत में पड़ी रही।
इस घटना का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया (सोशल मीडिया) पर तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसके बाद दुर्ग एसएसपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों दोषी पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, दुर्ग जिले में पदस्थ एसआई (SI) जीवन प्रकाश एक्का और आरक्षक (कांस्टेबल) ऋषिकांत एक कैदी को दुर्ग से अंबिकापुर सेंट्रल जेल शिफ्ट करने की ड्यूटी पर आए थे।
कैदी को सुरक्षित केंद्रीय जेल में दाखिल कराने के बाद दोनों पुलिसकर्मी शहर के व्यस्तम प्रतीक्षा बस स्टैंड पहुंचे। यहां उन्होंने इस कदर शराब का सेवन किया कि खुद पर से नियंत्रण खो बैठे और सड़क किनारे बेसुध होकर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों ने जब दो पुलिसकर्मियों को नशे की हालत में सड़क पर पड़ा देखा और उनके ठीक पास देश की अत्याधुनिक सरकारी इंसास राइफल लावारिस हालत में पड़ी पाई, तो इलाके में हड़कंप मच गया। सार्वजनिक जगह पर इस तरह संवेदनशील हथियार पड़ा होना किसी बड़ी वारदात को न्योता दे सकता था।
जागरूक नागरिकों ने तुरंत इसकी सूचना पास की बस स्टैंड पुलिस चौकी को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लावारिस हथियार को तुरंत अपने कब्जे में लिया। इसके बाद नशे में धुत पड़े दोनों पुलिसकर्मियों को वहां से उठाकर अस्पताल व थाने ले जाया गया।
वीडियो वायरल होने के बाद सख्त एक्शन : दोनों सस्पेंड
इसी बीच मौके पर मौजूद किसी प्रत्यक्षदर्शी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया और सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने तुरंत संज्ञान लिया। दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि ड्यूटी में इतनी बड़ी लापरवाही, अनुशासनहीनता और सरकारी हथियार को खतरे में डालने के आरोप में एसआई जीवन प्रकाश एक्का और आरक्षक ऋषिकांत को रात में ही तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspend) कर दिया गया है। मामले में आगे की विभागीय जांच जारी है।










