रायपुर। पुलिस (Police) की कार्यप्रणाली कैसी होती है, कंट्रोल रूम कैसे काम करता है और थाने में पुलिसकर्मी किस तरह अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं, इसे जानने का मौका अर्पण निशक्तजन पब्लिक स्कूल के बच्चों को मिला। ‘संवाद से समाधान’ कार्यक्रम के तहत रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने राजेंद्र नगर स्थित स्कूल में प्रशिक्षण ले रहे बच्चों से C-4 सभाकक्ष में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, प्रशिक्षण और रोजमर्रा की जिंदगी के बारे में बातचीत की। खास बात यह रही कि पुलिस कमिश्नर ने बच्चों से साइन लैंग्वेज की कुछ बेसिक बातें भी सीखीं।
बच्चों ने करीब से देखा पुलिस का काम
मुलाकात के बाद बच्चों को पुलिस कंट्रोल रूम और सिविल लाइन थाने का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। यहां बच्चों ने पुलिस के कामकाज को करीब से देखा और अधिकारियों से बातचीत की। बच्चों ने अपनी दिनचर्या और पसंद के बारे में भी बताया। बातचीत के दौरान क्रिकेट और फिल्मों को लेकर भी चर्चा हुई। बच्चों ने सहजता और आत्मविश्वास के साथ पुलिस अधिकारियों के सामने अपनी बातें रखीं।
बच्चों के आत्मविश्वास से प्रभावित हुए अधिकारी
कार्यक्रम के दौरान बच्चों की सहज बातचीत और आत्मविश्वास ने पुलिस अधिकारियों को भी प्रभावित किया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक रोजमर्रा की व्यस्त ड्यूटी के बीच बच्चों के साथ बिताया गया समय उनके लिए सुखद अनुभव रहा। इस दौरान बच्चों का उत्साह बढ़ाया गया और उन्हें पुलिस के कामकाज के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में डीसीपी मध्य जोन तारकेश्वर पटेल, अर्पण संस्था से जुड़े डॉ. राकेश पांडेय, संस्था की को-ऑर्डिनेटर सीमा छाबड़ा, प्रिंसिपल कमलेश शुक्ला के साथ शिक्षक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। मीडिया से जुड़े लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।









