मंत्री केदार कश्यप की पत्नी की कंपनी को 20 करोड़ का प्लॉट देने का आरोप, RDA CEO बोले- दावा-आपत्ति आई तो कमेटी करेगी जांच

RDA

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) के लाभांडी-कचना-सड्डू नगर विकास योजना में भू-खंडों के आबंटन को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं।

RDA की ओर से फाइनल प्लॉट आबंटन की जानकारी सार्वजनिक किए जाने के बाद मंत्री केदार कश्यप की पत्नी की कंपनी को 20 करोड़ का प्लॉट देने का आरोप लगाया गया है।

वहीं, RDA के CEO अवनीश शरण ने कहा कि उन्हें डॉ. राकेश गुप्ता की ओर से लगाए गए आरोपों की जानकारी नहीं है।

डॉ. राकेश गुप्ता।

डॉ. राकेश गुप्ता ने पूरे मामले को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव को पत्र भेजा है। उन्होंने लाभांडी-कचना-सड्डू नगर विकास योजना को निरस्त करने और भू-खंडों के पुनर्गठन एवं आबंटन की पूरी प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की है।

कांग्रेस के चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष और समाजसेवी डॉ. राकेश गुप्ता ने आरोप लगाया है कि मंत्री केदार कश्यप की पत्नी शांति कश्यप से जुड़ी कंपनी राधिका पैलेस प्राइवेट लिमिटेड को कचना की जमीन के बदले सड्डू में करोड़ों रुपये कीमत का भू-खंड दिया जा रहा है।

डॉ. गुप्ता का दावा है कि कंपनी को सड्डू में प्लॉट नंबर 25, करीब 2,168 वर्गमीटर यानी 23,327 वर्गफीट जमीन दी जा रही है। उनके मुताबिक यह प्लॉट प्रस्तावित MR-43 सड़क के पास है।

डॉ. गुप्ता ने दावा किया है कि सड़क बनने के बाद इस इलाके में जमीन की कीमत करीब 10 हजार रुपये प्रति वर्गफीट तक हो सकती है। इस हिसाब से प्लॉट की संभावित बाजार कीमत करीब 23 करोड़ रुपये बैठती है। हालांकि, यह आंकड़ा डॉ. गुप्ता द्वारा लगाया गया अनुमानित बाजार मूल्य है, RDA द्वारा निर्धारित प्लॉट की कीमत नहीं।

कचना की जमीन के बदले सड्डू में प्लॉट देने का आरोप

डॉ. राकेश गुप्ता के अनुसार, राधिका पैलेस प्राइवेट लिमिटेड की करीब 1.33 एकड़ जमीन कचना के नालापारा क्षेत्र में स्थित है। उनका दावा है कि इस जमीन तक पहुंचने का रास्ता बस्ती के संकरे रास्ते से होकर जाता है और इसी वजह से जमीन का बाजार मूल्य काफी कम था।

डॉ. गुप्ता का आरोप है कि नगर विकास योजना में इस जमीन को शामिल किए जाने के बाद कंपनी को सड्डू में प्लॉट नंबर 25 दिया जा रहा है।

उनका कहना है कि राधिका पैलेस प्राइवेट लिमिटेड की कचना स्थित जमीन को योजना में प्लॉट नंबर 71 के रूप में दर्शाया गया है, जिसे सार्वजनिक सुविधा के लिए आरक्षित बताया गया है।

शांति कश्यप के नाम कंपनी में 80 हजार रुपये का उल्लेख

डॉ. गुप्ता ने मंत्री केदार कश्यप के 2023 के चुनावी शपथ पत्र का भी हवाला दिया है। उनका कहना है कि शपथ पत्र में उनकी पत्नी शांति कश्यप के नाम राधिका पैलेस प्राइवेट लिमिटेड में 80 हजार रुपये की हिस्सेदारी/जमा राशि का उल्लेख है।

इसी आधार पर उन्होंने कंपनी को मिलने वाले सड्डू के भू-खंड को लेकर सवाल उठाए हैं।

डॉ. गुप्ता ने छत्तीसगढ़ नगर तथा ग्राम निवेश अधिनियम, 1973 की धारा 50(3)(ii)(f) और (g) का हवाला देते हुए कहा है कि अंतिम भू-खंड के पुनर्गठन को लेकर भू-स्वामी को मूल भूमि में या उससे लगे भू-खंड में फाइनल प्लॉट दिए जाने का प्रावधान है।

उनका आरोप है कि राधिका पैलेस प्राइवेट लिमिटेड की मूल जमीन कचना में होने के बावजूद उसे करीब एक किलोमीटर दूर सड्डू में प्लॉट दिया जा रहा है।

डॉ. गुप्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि योजना में कुछ अन्य भू-स्वामियों को प्रस्तावित MR-43 जैसी प्रमुख सड़क से हटाकर अपेक्षाकृत अंदरूनी और कम मूल्य वाले स्थानों पर प्लॉट दिए गए हैं, जबकि प्रभावशाली लोगों को महत्वपूर्ण स्थानों पर भू-खंड मिलने का लाभ हुआ है।

RDA CEO अवनीश शरण बोले- आरोपों की जानकारी नहीं

अवनीश शरण, CEO, रायपुर विकास प्राधिकरण।

मामले में RDA के CEO अवनीश शरण ने कहा कि उन्हें डॉ. राकेश गुप्ता की ओर से लगाए गए आरोपों की जानकारी नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘अगर दावा-आपत्ति आती है तो कमेटी उन आपत्तियों की जांच करेगी। उसके बाद ही फैसला किया जाएगा।’

RDA CEO के इस बयान से साफ है कि फिलहाल प्राधिकरण की ओर से आरोपों पर कोई अंतिम टिप्पणी नहीं की गई है। दावा-आपत्ति की प्रक्रिया के दौरान सामने आने वाली आपत्तियों और उनके परीक्षण के बाद ही संबंधित भू-खंडों को लेकर आगे की कार्रवाई तय होगी।

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 13 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now