14 साल से लंबित मांगें, छत्तीसगढ़ के नर्सिंग स्टाफ का बड़ा आंदोलन

रायपुर। नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन(nursing staff protest), छत्तीसगढ़ ने ग्रेड-पे और वेतनमान की लंबित मांगों को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। एसोसिएशन का कहना है कि पिछले लगभग 14 वर्षों से नर्सिंग संवर्ग की मांगें शासन के पास लंबित हैं।

कोरबा अंबिकापुर और महासमुंद मेडिकल कॉलेज यूनिट 28 और 29 सितंबर 2026 को सभी नर्सिंग सिस्टर और स्टाफ नर्स काली पट्टी लगाकर सांकेतिक विरोध और ध्यानाकर्षण प्रदर्शन कर रहीं हैं। एसोसिएशन का आरोप है कि आयुक्त, चिकित्सा शिक्षा द्वारा लगभग नौ महीने पहले ग्रेड-पे और वेतनमान संबंधी प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है लेकिन अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है। इससे नर्सिंग अधिकारियों और कर्मचारियों में निराशा है।

रायपुर में स्कूटी रैली

इसी बीच रायपुर यूनिट ने 30 सितंबर को स्कूटी रैली निकालने की अनुमति मांगी है। रैली डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय से शुरू होकर घड़ी चौक, देवेन्द्र नगर, सेंट्रल जेल और कचहरी चौक होते हुए वापस चिकित्सालय पहुंचेगी। समय दोपहर 1:30 बजे से 2:30 बजे तक तय किया गया है। एसोसिएशन का कहना है कि प्रदेश स्तरीय अनिश्चितकालीन आंदोलन की तैयारी भी की जा रही है। वे मुख्यमंत्री को कलेक्टर के माध्यम से सूचना देना चाहते हैं।

नर्सिंग अधिकारी लंबे समय से ग्रेड-पे और वेतनमान में सुधार की मांग कर रहे हैं। एसोसिएशन का दावा है कि मांगें जायज हैं और शांतिपूर्ण तरीके से ध्यान दिलाने के लिए ये कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभी तक शासन या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now