रायबरेली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी(Rahul Gandhi) की अध्यक्षता में बुधवार को रायबरेली कलेक्ट्रेट के बचत भवन में दिशा समिति की बैठक शुरू होने से पहले सियासी माहौल गरमा गया। हरचंदपुर से सपा विधायक राहुल लोधी और बछरावां से सपा विधायक श्याम सुंदर भारती पोस्टर-बैनर लेकर बैठक स्थल के बाहर पहुंच गए और सरकार व प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। पोस्टरों पर स्कूल बंद होने, फर्जी मुकदमे दर्ज किए जाने और जमीनों पर कब्जे जैसे आरोप लिखे थे। पुलिस ने दोनों विधायकों से पोस्टर हटवा लिए।
विधायकों ने सवाल उठाया कि जब जिले में आम लोगों की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं तो दिशा समिति की बैठक का आखिर क्या औचित्य है। प्रदर्शन के बाद बैठक स्थल पर पुलिस की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई। इसी बीच राहुल गांधी कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने उनका स्वागत किया। इसके पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैंड बाजे के साथ उनका स्वागत किया। राहुल गांधी लखनऊ भी जाएँगे।
बैठक में अमेठी सांसद किशोर लाल शर्मा, राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह और कैबिनेट मंत्री मनोज पांडे भी मौजूद रहे। खास बात यह रही कि बैठक के दौरान दिनेश प्रताप सिंह और मनोज पांडे राहुल गांधी के अगल-बगल बैठे नजर आए। दिशा समिति की बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति, विकास कार्यों और जनता को मिल रही सुविधाओं की समीक्षा की गई।राहुल गांधी अपने दो दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे के अंतिम दिन रायबरेली पहुंचे हैं। इससे पहले उन्होंने भुएमऊ गेस्ट हाउस में जनता दरबार लगाया, जहां बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। लोगों ने सड़क, विकास, रोजगार और स्थानीय समस्याओं से जुड़े मुद्दे राहुल गांधी के सामने रखे। महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष लक्ष्मी सिन्हा ने राहुल गांधी को राखी बांधी और तिलक लगाया।
राहुल गांधी ने मंगलवार रात रायबरेली के सर्राफा कारोबारियों के साथ भी बैठक की। व्यापारियों ने सोने-चांदी के कारोबार में गिरावट और कर संबंधी समस्याओं का मुद्दा उठाया। राहुल ने व्यापारियों को उनकी समस्याएं संसद में उठाने का आश्वासन दिया।दौरे के दौरान राहुल गांधी ने सांसद निधि से करीब तीन करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। इनमें बारात घर, 250 केवीए का ट्रांसफार्मर, एंबुलेंस सेवा और सड़क निर्माण से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।
राहुल गांधी के दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए थे। किसी संभावित विरोध को देखते हुए हिंदू युवा वाहिनी के जिला अध्यक्ष आशीष पाठक को उनके घर पर ही नजरबंद किए जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस का कहना था कि राहुल गांधी के कार्यक्रम के दौरान हंगामे की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया।
दिशा समिति की बैठक का उद्देश्य जिले में संचालित सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा करना है। इसकी अध्यक्षता क्षेत्रीय सांसद करते हैं और इसमें जिले के विधायक, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होते हैं। जनप्रतिनिधि योजनाओं की प्रगति और जनता की समस्याओं को लेकर अधिकारियों से जवाब लेते हैं। राहुल गांधी के रायबरेली दौरे में बैठक से पहले हुआ सपा विधायकों का प्रदर्शन जिले की सियासत में चर्चा का विषय बन गया है।









