नई दिल्ली। बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने प्रधानमंत्री Narendra Modi को कहा कि चॉकलेट कूटनीति के लिए लेकिन अच्छी कूटनीतिक यात्रा के लिए नहीं है। दरअसल बेल्जियम के पीएम ने पीएम मोदी के लिए खास तोहफा तैयार कराया था। यह इंडिया गेट का चॉकलेट से बना मॉडल था। लेकिन भारत पहुंचने से पहले ही यह सफर में खराब हो गया।
गौरतलब है कि पीएम मोदी ने इटली की पीएम जॉर्जिया मेलानी को मेलोडी चॉकलेट का उपहार दिया था।
बार्ट डी वेवर ने बताया कि वह प्रधानमंत्री मोदी को बेहतरीन बेल्जियन चॉकलेट से बना इंडिया गेट भेंट करना चाहते थे। उन्होंने कहा कि असली इंडिया गेट लगभग एक सदी से खड़ा है, लेकिन चॉकलेट से बना मॉडल भारत तक का सफर भी पूरा नहीं कर पाया।
पीएम मोदी के लिए चॉकलेट से बने इंडिया गेट का मॉडल लाना चाहते थे बेल्जियम के प्रधानमंत्री
उन्होंने कहा कि चॉकलेट कूटनीति के लिए तो अच्छी है, लेकिन कूटनीतिक यात्रा के लिए उतनी अच्छी नहीं है। हालांकि, उन्होंने बताया कि बेल्जियम में इसका दूसरा मॉडल मौजूद है और वह किसी न किसी तरह इसे सही सलामत प्रधानमंत्री मोदी तक पहुंचाएंगे।
बार्ट डी वेवर ने कहा कि इंडिया गेट को जानबूझकर चुना गया था। यह सीधे तौर पर भारत और बेल्जियम के साझा इतिहास और भविष्य की साझेदारी से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि इंडिया गेट अपने आप में एक गहरा संदेश देता है। उन्होंने बताया कि चॉकलेट से बनाए गए इंडिया गेट के मॉडल पर उस शिलालेख के एक हिस्से को बड़ा करके दिखाया गया था, जो उन भारतीय सैनिकों की याद दिलाता है, जिन्होंने प्रथम विश्व युद्ध के दौरान फ्लैंडर्स फील्ड्स में लड़ाई लड़ी और शहादत दी थी।
भारतीय सैनिकों के साहस और बलिदान को किया याद
बेल्जियम के प्रधानमंत्रीने कहा कि एक सदी से भी अधिक समय पहले भारतीय सैनिक हजारों मील दूर से बेल्जियम की धरती पर लड़ने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि बेल्जियम ने इसे भुलाया नहीं है। उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिकों की बहादुरी और उनके बलिदान को भी नहीं भुलाया गया है। उन्होंने इसे भारत और बेल्जियम के इतिहास और दोनों देशों के साझा इतिहास का हिस्सा बताया।










