रायगढ़। Chhattisgarh के रायगढ़ जिले के छापरपानी (लैलूंगा) क्षेत्र में मां और उसकी 10 महीने की मासूम बेटी की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में 65 वर्षीय भिखारीराम नागवंशी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी पर महिला से दुष्कर्म और उसके बाद महिला व उसकी बच्ची की हत्या करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, मानसिक रूप से अस्वस्थ करीब 40 वर्षीय महिला अपनी 10 महीने की बेटी के साथ खेत में बने बोरघर में रह रही थी। 16 जुलाई को दोनों के शव बरामद हुए थे, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
रायगढ़ पुलिस और साइबर सेल की टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह रात के समय बोरघर में घुसा था। उसने महिला के साथ जबरन दुष्कर्म करने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने पास में रखी ईंट से महिला के सिर और चेहरे पर कई वार किए, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस के मुताबिक, वारदात के दौरान जब 10 महीने की बच्ची रोने लगी तो आरोपी ने उसका गला दबा दिया और ईंट से हमला कर उसकी भी हत्या कर दी।
घटना के बाद आरोपी खून से सने कपड़े बदलकर अपने घर में छिप गया। जांच के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से खून से सने कपड़े बरामद किए, जिन्हें इस मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।








