वारंटियों के खिलाफ रायपुर पुलिस का ऑपरेशन: 48 घंटे में ही पकड़ लिए लंबे समय से फरार 143 वारंटी

Raipur Police

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पुलिस कमिश्नरेट (Raipur Police) ने फरार वारंटियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो दिन के विशेष अभियान में 143 वारंट तामील किए। इस दौरान लंबे समय से पुलिस से बच रहे कई वारंटियों को गिरफ्तार भी किया गया।

पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर सोमवार और मंगलवार को सेंट्रल जोन के सभी थानों में यह अभियान चलाया गया। अभियान की निगरानी अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला ने की।

पुलिस टीमों ने तकनीकी जानकारी, मुखबिरों से मिली सूचना और लगातार दबिश देकर फरार वारंटियों को पकड़ा। इसके अलावा चेक बाउंस (एनआई एक्ट की धारा 138) से जुड़े मामलों में जारी वारंटों की भी तामील की गई।

अभियान के दौरान सिविल लाइन थाना ने सबसे ज्यादा 37 वारंट तामील किए। इसके अलावा गंज थाना ने 31, गोलबाजार ने 22, तेलीबांधा ने 18, मौदहापारा ने 14, कोतवाली ने 13 और देवेंद्रनगर थाना ने 8 वारंट तामील किए। कुल मिलाकर 86 स्थायी वारंट और 57 गिरफ्तारी वारंट, यानी 143 वारंट में आरोपियों की गिरफ्तारी की गई।

पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियान से लंबे समय से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी होती है। अदालत के आदेशों का पालन सुनिश्चित होता है और अपराधियों में कानून का डर बना रहता है। इससे दोबारा अपराध होने की संभावना भी कम होती है और आम लोगों का पुलिस और कानून पर भरोसा मजबूत होता है।

रायपुर पुलिस ने कहा है कि फरार वारंटियों और अपराधियों के खिलाफ ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे, ताकि अदालतों के आदेशों का समय पर पालन हो और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories