रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखंड के शासकीय हाई स्कूल कूपाकानी में शासन की साइकिल वितरण योजना के तहत छात्र-छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं। हालांकि वितरण के दौरान साइकिलों की गुणवत्ता को लेकर विवाद खड़ा हो गया।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष (Ravi Bhagat) ने वितरित की गई साइकिलों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाते हुए विरोध दर्ज कराया। रवि भगत ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।
रवि भगत ने आरोप लगाया है कि कई साइकिलें गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं हैं। उनका कहना है कि निम्न गुणवत्ता वाली साइकिलें विद्यार्थियों की सुरक्षा के साथ-साथ उनकी सुविधा पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती हैं।
रवि भगत ने संबंधित विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने तथा विद्यार्थियों को बेहतर गुणवत्ता वाली साइकिलें उपलब्ध कराने की मांग की है।
इधर, साइकिलों की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ तभी सार्थक होगा, जब हितग्राहियों को गुणवत्ता युक्त सामग्री उपलब्ध कराई जाए। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है।









