राजधानी में ऑटोमोबाइल स्टोर में आग, 15 दमकल गाड़ियां जुटीं; करोड़ों के नुकसान की आशंका

Rajdhani

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी (Rajdhani) रायपुर के व्यस्ततम कारोबारी इलाके एमजी रोड इलाके में जया ऑटोमोबाइल की बहुमंजिला बिल्डिंग में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और बिल्डिंग की दूसरी एवं तीसरी मंजिल तक पहुंच गई। घटना के कई घंटे बाद तक भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका।

आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसे बुझाने के लिए शहर समेत नया रायपुर से भी दमकल वाहनों को बुलाना पड़ा। कुल 15 फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुकान में एमसीबी उठाने के बाद शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके चलते आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुबह दुकान के भीतर से धुआं निकलता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया और घना धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा।

संकरी सीढ़ियों के कारण अंदर पहुंचना मुश्किल

बताया जा रहा है कि शोरूम के अंदर बड़ी मात्रा में ऑटोमोबाइल स्पेयर पार्ट्स, टायर, ट्यूब, प्लास्टिक सामग्री और लुब्रिकेंट्स रखे हुए थे। ज्वलनशील सामग्री अधिक होने के कारण आग तेजी से फैलती गई और दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा।

फायर विभाग के अधिकारियों के मुताबिक बिल्डिंग के अंदर जाने का रास्ता बेहद सीमित है। भवन में केवल एक संकरी सीढ़ी होने के कारण दमकल कर्मी अंदर तक नहीं पहुंच पा रहे थे। इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद से दुकान के सामने का हिस्सा तोड़ने का निर्णय लिया गया।

जेसीबी से दीवार और सामने के हिस्से को तोड़कर दमकल कर्मियों ने अंदर पहुंचने की कोशिश की और आग बुझाने का अभियान तेज किया।

मौदहापारा थाना प्रभारी शक्ति सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम को मौके पर रवाना किया गया था। पुलिस और दमकल विभाग ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर दिया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण कई घंटों तक आग बुझाने का कार्य जारी रहा।

पानी की कमी भी बनी चुनौती

घटना के दौरान शहर में फिल्टर प्लांट संबंधी कार्य के कारण पानी की आपूर्ति प्रभावित थी। ऐसे में आग बुझाने के लिए तालाब का पानी भी इस्तेमाल करना पड़ा। फायर विभाग ने अतिरिक्त संसाधनों की व्यवस्था कर लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश जारी रखी।

आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर से दिखाई दे रहा था। एमजी रोड के घनी आबादी और व्यावसायिक क्षेत्र होने के कारण आसपास की दुकानों में भी आग फैलने का खतरा बना रहा। सुरक्षा के मद्देनजर कई दुकानों को बंद कराया गया तथा पूरे इलाके की बिजली सप्लाई अस्थायी रूप से बंद कर दी गई।

पुलिस ने एहतियातन घटनास्थल के आसपास बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही सीमित कर दी है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories