देश के बाकी राज्यों से अलग है पांच चुनावी राज्यों की राजनीति, नफरत बनाम विकास की होगी जंग

Assembly election

नई दिल्ली। आज दिल्ली में पांच राज्यों के चुनाव कार्यक्रम (Assembly election) की घोषणा कर दी गई है। यह उस वक्त में हुआ है जब चुनाव आयोग के इतिहास में सर्वाधिक विवादित मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ संसद में महाभियोग का प्रस्ताव लाया गया है और दिलचस्प है कि इस प्रस्ताव को लाने की अगुवाई कर रही टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी के अपने राज्य में 23 और 29 अप्रैल को वोट पड़ने हैं।

जिन पांच राज्यों में अगले महीने मतदान होने हैं उनकी चुनावी राजनीति ऐतिहासिक तौर पर शेष देश से अलग रही है। दिलचस्प है कि इन चुनावी राज्यों में से किसी में भी कांग्रेस की सरकार नहीं है। हांलाकि तामिलनाडु में वह जरूर डीएमके के साथ गठबंधन में है।

दूसरी जो सबसे महत्वपूर्ण बात है वो यह है कि इन सभी राज्यों में कांग्रेस एक वक्त में बेहद मजबूत स्थिति में रही है। अगर असम और बंगाल की राजनीति की बात करें तो यह दोनों राज्य 2014 के बाद से सांप्रदायिक राजनीति के गढ़ रहे हैं। वहीं तमिलनाडु, केरल और पांडुचेरी राष्ट्रीय मुद्दों से पर क्षेत्रीय मुद्दों पर चुनावी संग्राम में उतरते रहे हैं।

पांच चुनावी राज्यों का राजनीतिक इतिहास

आइए एक नजर इन राज्यों के राजनीतिक इतिहास पर डालते हैं। पश्चिम बंगाल में वामपंथियों ने 1977 से 20110 तक 34 साल तक राज किया है वहीं कांग्रेस छोड़कर अपना दल बनाने वाली ममता बनर्जी 15 साल से राज कर रही हैं।

तमिलनाडु में 1967 के बाद से डीएमके और एआईडीएमके का ही प्रभुत्व रहा है, हालांकि आजादी के बाद दो दशकों तक वहाँ कांग्रेस की सरकार रही।

केरल में लंबे समय से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ और सीपीआई एम के नेतृत्व वाली एलडीएफ ही बारी बारी से सत्ता में रही हैं।

असम में अलग अलग पार्टियों की सत्ता का दौर रहा है। आजादी के बाद से लेकर 1978 तक कांग्रेस की सरकार रही लेकिन आपातकाल के बाद स्थितियां बदली और क्षेत्रीय दलों का वर्चस्व बढ़ा। 1985 से लेकर 2001 तक प्रफुल्ल कुमार महन्त मुख्यमंत्री रहे लेकिन यहां कमाल हुआ और 2001 से 2016 तक तरुण गोगोई मुख्यमंत्री पद पर आसीन रहे। भाजपा का दौर 2016 में शुरू हुआ जो आज तक जारी है और अपने चरमोत्कर्ष पर है।

1962 में अस्तित्व में आए केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में 1962 के बाद कांग्रेस का वर्चस्व रहा। बीच बीच में डीएमके, एआईडीएमके और एआईएनआरसी की सरकारें भी रहीं। वर्तमान में यहां एआईएनआरसी और बीजेपी के गठबंधन की सरकार है।

अगर राज्यवार विश्लेषण करें तो पता चलता है कि इन सभी पांच राज्यों में चुनाव कोई भी जीते भाजपा धर्म के मुद्दे को चुनाव के केंद्र में लाने में सफल रही है। यह जरूर है कि पहले भी इनका असर कहीं कम कहीं ज़्यादा होता रहा है।

पश्चिम बंगाल में SIR सबसे बड़ा मुद्दा

सबसे पहले हम बात करते हैं पश्चिम बंगाल की जहां 294 सीटों पर मतदान होना है। यह दिलचस्प है कि इस बार का चुनाव सिर्फ दो चरणों में हो रहा है जबकि इसके पहले पश्चिम बंगाल में चुनाव आठ चरणों में संपन्न हुआ था। ऐसा क्यों हुआ? यह तो नहीं पता लेकिन एक बात काबिलेगौर है कि केंद्र सरकार पश्चिम बंगाल में लगातार कानून व्यवस्था के खराब होने की दुहाई देती रही है।

SIR के खिलाफ प्रदर्शन करतीं ममता बनर्जी।

पश्चिम बंगाल में जातीय समीकरणों पर धार्मिक समीकरण हमेशा से हावी रहे हैं राज्य के 65 से 70 फीसदी हिंदू विभाजित होते हैं तो मुस्लिमों के वर्चस्व वाली 80से ज़्यादा सीटों पर आसान बढ़त हासिल कर ममता बनर्जी पहले की तरह बाजी मार सकती है. ग़ौरतलब है कि बंगाल में मुस्लिमों की आबादी 30-35 फ़ीसदी है।

पश्चिम बंगाल के धार्मिक समीकरण ऐसे हैं कि धरातल पर भाजपा के पास हिंदुओं के एकतरफा ध्रुवीकरण की कोशिशों के अलावा और कोई मजबूत विकल्प नहीं रह जाता। दूसरा महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि वामपंथी दल और कांग्रेस लगातार ज़मीन से ग़ायब होते जा रहे हैं। जिसका सीधा फ़ायदा टीएमसी को और नुकसान बीजेपी को हो रहा है। ममता इस हकीकत को जानती हैं, इसलिए पिछले चुनाव की तरह इस चुनाव को भी अकेले ही लड़ना चाहती है।

भाजपा के साथ एक बड़ी दिक्कत संगठन की कमजोरी और शीर्ष नेताओं का अभाव रहा है। यह भी हकीकत है कि ममता बनर्जी पर जीतने हमले बढ़ते हैं जितनी ईडी और सीबीआई की छापेमारी होती है उनका ग्राफ उतना ही बढ़ता जाता है।

संदेशखाली के मुद्दे पर बंगाल विधानसभा में हंगामा करते भाजपा के विधायक।

पिछले विधानसभा चुनाव में टीएमसी को 214 और बीजेपी को 77 सीटें मिली थीं यह स्थिति तब थी जब भाजपा ने पश्चिम बंगाल में पूरी ताक़त झोंक रखी थी और अभूतपूर्व जोश खरोश से चुनाव लड़ा था लेकिन इस बार हालात अलग हैं। ख़ुद भाजपा नेता इस बात को मानते हैं कि जिस तरह की जंग उन्होंने 2021 में लड़ी थी वैसी इस बार नहीं लड़ रहे।

गजब यह भी है कि ममता बनर्जी राज्य में हुए एसआईआर को बीजेपी के ख़िलाफ़ इस्तेमाल कर रही हैं। आज़ादी के बाद यह पहला मौक़ा है जब पश्चिम बंगाल में कुल मतदाताओं की संख्या पिछले चुनावों के मुकाबले कम हुई है।

राज्य में एसआईआर के बाद अंतिम मतदाता सूची से क़रीब 63 लाख 66 हज़ार वोटरों के नाम हटा दिए गए हैं जबकि लगभग 60.6 लाख वोटरों के नाम अभी भी जांच के दायरे में हैं। साल 2021 के विधानसभा चुनावों में, राज्य में सात करोड़ तीस लाख चालीस हज़ार रजिस्टर्ड वोटर थे, और 82.3 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। यह भारत में वोटिंग के सबसे ऊंचे आंकड़ों में से एक है।

बीजेपी के पास पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था की खराब स्थिति की दुहाई देने के अलावा और कुछ नहीं है ममता बैनर्जी पर भ्रष्टाचार के आरोप बूमरैंग साबित हुए हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि ममता बनर्जी चौथी बार अपनी बादशाहत क़ायम कर पाती हैं या नहीं

असम में धर्म बनाम विकास की जंग

असम का नाम सुनते ही हिमांता का चेहरा सामने आता है और कांग्रेस नेता एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का वो बयान याद आता है जिसमे वो कहते हैं कि हमारी सरकार आई तो कांग्रेस के बब्बर शेर असम के मुख्यमंत्री को जेल भेजेंगे, तब अमित शाह और नरेंद्र मोदी भी कुछ नहीं कर पाएंगे।

कांग्रेस से बीजेपी में आए सीएम हिमांता बिस्वा शर्मा भाजपा की कट्टर छवि वाले नेताओं का नेतृत्व करते दिखते हैं। चुनावी वर्ष में उनकी जुबान और भी तल्ख़ हो गई और मुस्लिमों के विरोध के स्वर और तेज। भ्रष्टाचार के संगीन आरोपों में घिरे हिमांता जानते हैं कि इस बार की जंग मुश्किल है। दरअसल असम की लड़ाई सही मायनों में नफरत और विकास के बीच है। विकास के मुद्दे पर हिमांता के पास दावे बहुत हैं काम कम।

असम में चुनाव से पहले 37 लाख महिलाओं को 8 हजार रुपये का तोहफा दिया गया।

असम की राजनीति मौजूदा समय में तीन ध्रुवीय सामाजिक समीकरणों में उलझी हुई है। राज्य का सबसे बड़ा तबका धार्मिक हिंदू हैं इनमे असमिया भी हैं और आदिवासी भी, आदिवासियों की कोई अलग धार्मिक पहचान यह विकसित नहीं हो पाई।

जातीय रूप से बोडो आदिवासी, ओबीसी और दलितों को एक साथ मजबूती से रखकर ही बीजेपी असम में कायम रह सकती है। क्योंकि सामने राज्य के 35 फ़ीसदी मुस्लिम हैं जिनमे पूर्वी बंगाली मूल के ‘मिया’ मुस्लिम सर्वाधिक हैं, जिन्हें हिमांता बाहरी कहते रहे हैं ।

हिमांता की कोशिश तीसरी बार भाजपा को जीत हासिल कराने की होगी। चुनाव पूर्व सर्वेक्षण उन्हें 65 से 740सीटें दे रहे हैं गौरतलब है कि असम में कुल 126 सीटें हैं. पिछले चुनाव में CAA-NRC के समर्थन, घुसपैठ के विरोध, विकास के वादे और हिंदू-असमिया एकीकरण को मुद्दा बनाकर भाजपा ने 75 सीटें जीती थीं।

यह हिमांता की ही मेहनत है कि उन्होंने घुसपैठियों को चुनाव का प्रमुख मुद्दा बना दिया है लेकिन यह सच है कि विकास के नाम पर असम में जनापेक्षाओं के अनुरूप काम नहीं हुआ है। बाढ़ की विभीषका से असम की एक बड़ी आबादी लगातार प्रभावित रही है। वहीं रोजगार की समस्या और चाय बागानों की बदहाली भी इस चुनाव में बड़ा मुद्दे बनने जा रही है। जुबिन गर्ग की असामयिक मौत से नाराज युवा निस्संदेह हिमांता को नुकसान पहुंचाएगी।

असम में पिछले एक दशक से विपक्ष में बैठी कांग्रेस ने पिछली विधानसभा में 95 सीटों पर चुनाव लड़ा था और महज़ 29 सीटें ही जीत पाई थी, कांग्रेस के नेतृत्व वाले महाजोट गठबंधन ने 50 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इस तरह साल 2016 के मुकाबले कांग्रेस नेतृत्व वाले गठबंधन को 2021 के चुनाव में 10 सीटों का फ़ायदा हुआ था। इस बार भी कांग्रेस सहयोगी दलों के साथ चुनाव लड़ रही है।

कांग्रेस पार्टी इस बार नया प्रयोग कर रही है। कांग्रेस ने इस बार के चुनाव के लिए ‘असम सोनमिलितो मोर्चा’ नामक एक विपक्षी गठबंधन बनाया है, जिसमें क्षेत्रीय पार्टी असम जातीय परिषद समेत सात अन्य दल शामिल हैं। यक़ीनन इसकी एक वजह किसी भी कट्टरपंथी जमात को समर्थन ना देने का फैसला है।

पिछली दफा कांग्रेस के साथ गठबंधन में रहे मौलाना बदरुद्दीन अजमल की पार्टी ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) ने 20 में से 16 सीटों पर जीत हासिल की थी।

इस बार कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा चुनावों के लिए एआईयूडीएफ़ के साथ किसी भी चुनावी गठबंधन की संभावना को ख़ारिज कर दिया है।

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने पिछले महीने असम दौरे के दौरान हिमांता के कथित भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ “पीपुल्स चार्जशीट” नामक एक दस्तावेज जारी किया था।

असम का चुनाव बहुत कुछ इस बात पर निर्भर करेगा कि कांग्रेस और बीजेपी किसके साथ चुनाव लड़ती हैं। बीजेपी फ़िलहाल अपने पुराने साथी असम गण परिषद (एजीपी) के साथ टिकट बंटवारे को लेकर बातचीत कर रही है।

इसके अलावा बोडोलैंड विशेष परिषद में वह बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी, पिछली बार बीपीएफ कांग्रेस के साथ थी।

गौरतलब है कि बोडो परिषद पर इस बार बीपीएफ का ही कब्जा है जबकि कांग्रेस ने अभी स्पष्ट नहीं किया है कि वह यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल के साथ चुनाव लड़ेगी या नहीं?

अपनी योजनाओं के दम पर तमिलनाडु में स्टालिन

पिछले साल अगस्त के महीने में जब बीजेपी ने देश के अगले उप राष्ट्रपति पद के लिए भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन ने सी पी राधाकृष्णन पर दांव लगाया था तभी स्पष्ट हो गया था कि उसकी निगाह दक्षिण के राज्यों खासतौर से तामिलनाडु पर है। 2021 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 234 सीटों में से 4 सीटों पर जीत दर्ज की थी।

वहीं एनडीए गठबंधन में शामिल एआईएडीएमके को 66 सीटें मिली थीं। इस बार चुनावी समीकरण के केंद्र में दो बड़े चेहरे हैं। इनमें मौजूदा मुख्यमंत्री एम के स्टालिन और पूर्व मुख्यमंत्री पलानीस्वामी।

एक तरफ स्टालिन सरकार अपने विकास कार्यों और कल्याणकारी योजनाओं के दम पर फिर से सत्ता में लौटने की कोशिश कर रही है, तो दूसरी ओर पलानीस्वामी विपक्ष के मजबूत चेहरे के रूप में सरकार को चुनौती देने में जुटे हैं।

तमिलनाडु में मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के नेतृत्व वाली डीएमके सरकार 2021 से सत्ता में है और वह अपने शासन मॉडल को ही चुनावी हथियार बना रही है। डीएमके का दावा है कि उसने सामाजिक न्याय, कल्याणकारी योजनाओं और बुनियादी ढांचे के विकास में उल्लेखनीय काम किया है। पार्टी अपने गठबंधन को मजबूत बनाए रखने की कोशिश कर रही है, जिसमें प्रमुख सहयोगियों के रूप में कांग्रेस, सीपीआई, सीपीएम और वीसीटी पार्टी शामिल हैं।

डीएमके अपने चुनाव प्रचार में ‘द्रविड़ मॉडल’ को प्रमुखता दे रही है,जो यकीनन भाजपा के मॉडल ऑफ इलेक्शन के निकट है। जिसमें सामाजिक न्याय, क्षेत्रीय स्वायत्तता और राज्य के अधिकारों की रक्षा जैसे मुद्दे शामिल हैं। ये डीएमके का पुराना फोकस रहा है और सभी चुनावों में उसका इसी मॉडल पर जोर रहता है।

विश्लेषकों के अनुसार डीएमके का मुख्य टारगेट सत्ता विरोधी लहर से निपटना और अपने वेलफेयर प्रोग्रामों, जैसे कि महिलाओं के लिए चल रही योजनाएं, शिक्षा और स्वास्थ्य कार्यक्रमों को मतदाताओं के सामने प्रभावी ढंग से रखना है।

विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की नजर एक्टर विजय की पार्टी, तमिलगा वेट्री कजगम (TVK) पर है। बीजेपी लगातार विजय की पार्टी के साथ गठबंधन की कोशिश कर रही है, लेकिन विजय ने साफ कर दिया है कि एनडीए से कोई गठबंधन नहीं होगा।

दावा किया जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी विजय को अपने गठबंधन में शामिल करने की कोशिश कर रही है और इसके लिए उन्हें एक बड़ा ऑफर दिया गया है। बताया जा रहा है कि सीट बंटवारे के तहत बीजेपी ने विजय को करीब 80 सीटें देने की पेशकश भी की है।

केरल में बढ़ी है यूडीएफ की ताकत

केरल के स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ़्रंट (यूडीएफ़) ने बड़ी जीत के साथ वापसी की है। जबकि सत्तारूढ़ भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के नेतृत्व वाले लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ़्रंट (एलडीएफ) को बड़ा झटका लगा है। हालांकि, इन दो गठबंधनों की जीत-हार से इतर चर्चा बीजेपी के नेतृत्व वाले नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस की तिरुवनंतपुरम में जीत की भी है।

तिरुवनंतपुरम नगर निगम में एनडीए सबसे बड़ा गठबंधन बनकर सामने आया है। एलडीएफ़ शासित इस नगर निगम में एनडीए ने 101 में से 50 वार्डों में जीत हासिल की है। इस जीत की चर्चा इसलिए भी क्योंकि तिरुवनंतपुरम कांग्रेस सांसद शशि थरूर का क्षेत्र है। नहीं भूलना चाहिए प्रियंका खुद केरल के वायनाड से सांसद है साथ हीं राहुल और प्रियंका लगातार केरल का दौरा करते रहे हैं।

बीजेपी तिरुवनंतपुरम में पार्टी की जीत को केरल में ‘एक नए अध्याय की शुरुआत’ के तौर पर देख रही है.केरल विधानसभा में 140 सीटों में से वामपंथी गठबंधन  सबसे भारी है, जिसके पास 99 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत है।

मुख्य विपक्षी गठबंधन यूडीएफ  के पास 41 सीटें हैं। 2021 के चुनावों में LDF ने सत्ता बरकरार रखी। बीजेपी केरल में अपनी स्थिति मजबूत करने का प्रयास कर रही है, लेकिन 2021 में उसे कोई सीट नहीं मिली थी।

पुडुचेरी में डीएमके के भरोसे कांग्रेस

कांग्रेस की नज़र इस केंद्र शासित प्रदेश में सत्ता दोबारा हासिल करने पर है। कांग्रेस ये चुनाव डीएमके के साथ गठबंधन में लड़ रही है। इस गठबंधन में कुछ छोटी पार्टियां भी हैं. जिनमें वाम दल भी शामिल हैं।

वहीं बीजेपी ने ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस, डीएमके की प्रतिद्वंद्वी एआईएडीएमके और कुछ छोटे दलों के साथ गठबंधन किया हुआ है। अभिनेता से नेता बने कमल हासन और उनकी पार्टी मक्कल नीदि मय्यम (एमएनएम) भी चुनाव में किस्मत आजमा रही है.एक तमिल राष्ट्रवादी पार्टी, नाम तमलीर काची भी मैदान में है।

पांडिचेरी (पुडुचेरी) विधानसभा में कुल 33 सीटें हैं।​इनमें से 30 सदस्यों का चुनाव जनता द्वारा सीधे मतदान के माध्यम से किया जाता है, जबकि 3 सदस्य केंद्र सरकार द्वारा मनोनीत किए जाते हैं।

इन चुनावों में सबसे बड़ा मुद्दा पुडुचेरी को पूर्ण राज्य बनाने की मांग है। मुख्यमंत्री एन. रंगासामी और विपक्ष (DMK-कांग्रेस) दोनों ने इसे विकास के लिए अनिवार्य बताया है।

DMK और कांग्रेस ने राज्य का दर्जा न मिलने पर चुनाव के बहिष्कार तक की चेतावनी दी थी क्योंकि उनका मानना है कि वर्तमान शक्तियों के साथ चुनी हुई सरकार शक्तिहीन है।उपराज्यपाल (LG) और निर्वाचित सरकार के बीच शक्तियों का टकराव और केंद्र का नियंत्रण एक महत्वपूर्ण राजनीतिक बहस का विषय है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now