छत्तीसगढ़ में फिर पकड़ी गई अफीम की खेती, अब बलरामपुर के कुसमी में 5 एकड़ में लहलहाती फसल जब्त

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दुर्ग के बाद अब बलरामपुर जिले में भी अफीम की अवैध खेती (Afeem ki Kheti) का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने कुसमी थाना क्षेत्र के ग्राम भदली के पास जंगल किनारे लगभग 5 एकड़ में उगाई गई अफीम की फसल पकड़ी है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस को क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती की शिकायत मिली थी। इसके बाद टीम ने मौके पर छापेमारी की, जहां बड़े क्षेत्र में अफीम के पौधे लहलहाते हुए मिले। ज्यादातर पौधों में फूल आ चुके थे और कई में फल भी लग चुके थे।

मिली जानकारी के अनुसार, जिस जमीन पर अफीम लगाई गई है, वह गांव के रूपदेव भगत और कौशल भगत का है। खेत से कुछ दूर वन विभाग द्वारा चूहीदाह नाले में बनाए गए स्टाप डेम से पंप लगाकर सिंचाई की जाती थी।

पंचायत के सरपंच फेकुंदर नाग ने बताया कि जनवरी माह में गांव वालों ने खेती की फोटो भेजी थी। मैने पुलिस को व्हाट्सऐप से फोटो भेजा था और थाने में फोन कर सूचना दी थी। पुलिस वालों ने कहा-ठीक है दिखवाते हैं।
सरपंच ने बताया कि अक्टूबर माह में खेती शुरू की गई थी। बाहरी लोगों ने जमीन किराए पर लेकर खेती शुरू की थी।

बताया जा रहा है कि इन फलों पर चीरा लगाने से निकलने वाले क्रीम रंग के तरल पदार्थ से अफीम तैयार की जाती है। पुलिस ने पूरे खेत को जब्त कर लिया है और प्रशासन ने पौधों को नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, खेत के मालिक और इस अवैध खेती में शामिल संदिग्ध लोगों की पहचान की जा रही है। फिलहाल मामले की जांच तेज कर दी गई है, हालांकि अभी तक आरोपियों के नाम सामने नहीं आए हैं।

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now