नितिन नबीन बने भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष,मोदी ने कहा ‘आज से नीतिन मेरे बॉस, मैं उनका कार्यकर्ता’

Lens Desk | भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। नितिन नबीन (Nitin Nabin) को मंगलवार को पार्टी का 12वां राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। यह पदभार संभालने वाले वे पार्टी के सबसे युवा अध्यक्ष बन गए हैं। उनकी उम्र महज 45 साल है। सोमवार को भाजपा मुख्यालय में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हुई। किसी अन्य उम्मीदवार का नामांकन नहीं आने से नितिन नवीन निर्विरोध चुने गए। राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण ने उनका नियुक्ति पत्र सौंपा। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया।

पीएम मोदी ने कहा- ‘नितिनजी अब मेरे बॉस हैं’

कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा ‘भाजपा ऐसी पार्टी है जहां मैं खुद को कार्यकर्ता मानता हूं। आज नितिनजी मेरे बॉस हैं और मैं उनका कार्यकर्ता हूं। अब वे मेरे काम का आकलन करेंगे।’ उन्होंने नितिन नवीन की सरलता और संगठन में योगदान की तारीफ की। पीएम ने कहा कि पार्टी में अध्यक्ष बदलते हैं, लेकिन आदर्श और दिशा नहीं बदलती। पीएम मोदी ने आगे कहा कि परिवारवाद राजनीति के लिए बड़ा खतरा है। उन्होंने एक लाख ऐसे युवाओं को राजनीति में लाने की बात कही जिनके परिवार में कोई पहले राजनीति न कर चुका हो। साथ ही घुसपैठियों और अर्बन नक्सल चुनौतियों पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले 25 साल विकसित भारत बनाने के लिए बहुत अहम हैं।

नितिन नवीन का संबोधन

नितिन नबीन ने अपने संबोधन की शुरुआत ‘भारत माता की जय’ से की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को काम करते देखकर उन्होंने सीखा है कि जनता से जुड़ने वाला व्यक्ति ही बड़ा बनता है। पदभार संभालने से पहले उन्होंने दिल्ली में भगवान वाल्मीकि मंदिर, गुरुद्वारा बंगला साहिब और झंडेवाला मंदिर जाकर माथा टेका।

नए पद पर आने के साथ ही केंद्र सरकार ने नितिन नबीन को Z-कैटेगरी की सुरक्षा प्रदान कर दी है। यह सुरक्षा CRPF के VIP विंग द्वारा दी जा रही है। पहले जेपी नड्डा को भी इसी तरह का सुरक्षा कवर मिला था। पिछले अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नितिन नबीन को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नितिन छोटी उम्र में पांच बार विधायक रह चुके हैं और पूरे देश को अच्छे से समझते हैं। वे पार्टी को तेज गति से आगे ले जाएंगे।

नितिन नबीन बिहार से हैं और पांच बार के विधायक रह चुके हैं। दिसंबर 2025 में उन्हें पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। अब उनकी कमान में भाजपा आने वाले चुनावों और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ेगी। पार्टी कार्यकर्ताओं में इस बदलाव को लेकर उत्साह है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now