नेतन्याहू का दावा- हमास चीफ को मार गिराया, उधर गजा ने कहा- हो गया युद्ध विराम

Israel-Gaza Escalation

द लेंस डेस्‍क। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बुधवार को दावा किया कि इजरायली रक्षा बलों (आईडीएफ) ने गाजा में हमास के वरिष्ठ नेता मोहम्मद सिनवार को एक हवाई हमले में मार गिराया है। यह हमला 13 मई को गाजा के एक अस्पताल के नीचे स्थित एक सुरंग में किया गया था, जहां सिनवार के छिपे होने की खबर थी।

नेतन्याहू ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “हमने हजारों आतंकवादियों को खत्म किया है… हमने हत्यारों के नेताओं को निशाना बनाया – मोहम्मद देफ, इस्माइल हनियाह, याह्या सिनवार और अब, मोहम्मद सिनवार।” उन्होंने यह भी संकेत दिया कि इजरायल बंधकों की रिहाई के लिए एक अस्थायी युद्धविराम पर विचार करने को तैयार है, बशर्ते हमास शेष बंधकों को रिहा कर दे।

रिपोर्ट्स के अनुसार, 13 मई को आईडीएफ ने गाजा के एक अस्पताल के नीचे एक सुरंग पर भारी बमबारी की थी, जिसमें सिनवार और उनके सहयोगियों के मारे जाने की संभावना जताई गई थी। इस हमले में हमास के राफा ब्रिगेड कमांडर मोहम्मद शबाना के भी मारे जाने की खबर है। हमास ने अभी तक सिनवार की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

हमास ने क्‍या कहा

अल जजीरा के मुताबिक हमास ने दावा किया है कि उसने गाजा में युद्ध विराम के लिए अमेरिका के मध्य पूर्व दूत स्टीव विटकॉफ के साथ एक समझौता किया है। इस समझौते में गाजा से इजरायली सेनाओं की पूरी तरह वापसी, क्षेत्र में सहायता पहुंचाना, और गाजा के मामलों के लिए एक पेशेवर समिति बनाना शामिल है।

हमास का कहना है कि वह 10 इजरायली कैदियों और कुछ शवों को रिहा करेगा, जिसके बदले में फिलिस्तीनी कैदी रिहा होंगे, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि कितने फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा किया जाएगा। हमास अब इस प्रस्ताव पर अंतिम जवाब का इंतजार कर रहा है।

हमासा का यह दावा उन खबरों के बाद आया है जिसमें कहा गया था कि हमास और विटकॉफ ने कतर की राजधानी दोहा में एक मसौदा समझौते पर सहमति जताई, जिसमें 60 दिनों का युद्ध विराम और दो चरणों में 10 इजरायली बंदियों की रिहाई शामिल है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now