Weather Update: इस बार उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड शुरू होने वाली है। मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि दिसंबर-जनवरी में तापमान सामान्य से 2 डिग्री तक नीचे चला जाएगा। इसका मुख्य कारण ला-नीना हवाएं है, जो प्रशांत महासागर में समुद्री तापमान की गिरावट से पैदा होती है। इससे ठंडी हवाएं तेज होंगी और कोहरा बढ़ेगा।
दिल्ली-एनसीआर में ठंड ने ली जोरदार एंट्री
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में सर्दी ने दस्तक दे दी है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को न्यूनतम तापमान 10-12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा, जबकि दिन का पारा 26-28 डिग्री पर टिका। सुबह हल्का कोहरा छाया रहा लेकिन दिन में साफ आसमान नजर आया। IMD के अनुसार, अगले 24 घंटों में तापमान और नीचे जाएगा। 11 से 14 नवंबर तक सुबह धुंध रहेगी और उत्तर-पश्चिमी हवाएं ठंडक बढ़ाएंगी। न्यूनतम तापमान 9-12 डिग्री और अधिकतम 25-28 डिग्री रह सकता है।
ला-नीना से कैसे बढ़ेगी ठंड?
ला-नीना नवंबर से जनवरी तक हल्की लेकिन प्रभावी रहेगी। इससे पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे जिसका मतलब पहाड़ों में ज्यादा बर्फबारी और मैदानों में सर्द हवाएं चलेंगी। स्काईमेट वेदर के अनुसार, यह ठंड की तीव्रता को बढ़ाएगा। नतीजा? रातें लंबे समय तक ठंडी और दिन में भी सिहरन रहेगी।
किन इलाकों पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर?
उत्तर भारत: दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश में सर्दी का जोर सबसे ज्यादा। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी से मैदानी इलाकों में कोहरा गहराएगा।
मध्य भारत: राजस्थान के सीकर-झुंझुनू में रिकॉर्ड ठंड, भोपाल-इंदौर में 7 डिग्री तक गिरा पारा। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में अगले 3-4 दिनों तक शीतलहर जारी।
अन्य राज्य: बिहार, पंजाब, हरियाणा में तापमान लगातार गिर रहा। पंजाब के आदमपुर में 6.5 डिग्री रिकॉर्ड, जो सीजन का सबसे कम है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में 7-10 डिग्री के बीच तापमान।
IMD ने 12-15 नवंबर तक मध्य प्रदेश, दक्षिण हरियाणा, उत्तर-पूर्वी राजस्थान और छत्तीसगढ़ में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। 11-12 नवंबर को मध्य प्रदेश में गंभीर ठंड संभव।
दक्षिण भारत में बारिश का दौर
उत्तर की ठंड के उलट, दक्षिण में बारिश का अलर्ट है। तमिलनाडु, केरल और माहे में अगले 1-2 दिनों में भारी बारिश हो सकती है। तीन चक्रवाती सर्कुलेशन सक्रिय हैं- बंगाल की खाड़ी, बांग्लादेश के पास और तमिलनाडु में। इससे केरल, तमिलनाडु, अंडमान-निकोबार में हल्की-मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा 12 नवंबर को तमिलनाडु में बिजली के साथ बारिश संभव है । इसके अलावा अनुमान है कि सर्दी फरवरी तक बनी रहेगी। IMD ने उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्व भारत में अगले हफ्ते तापमान स्थिर लेकिन ठंडा रहने की भविष्यवाणी की है।

