Eknath shinde x post : महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के X अकाउंट पर आज रविवार सुबह बड़ा साइबर हमला हुआ। हैकर्स ने उनके अकाउंट पर पाकिस्तान और तुर्की के झंडों की तस्वीरें पोस्ट कीं। इतना ही नहीं लाइव-स्ट्रीमिंग के दौरान भी इन दोनों देशों की तस्वीरें दिखाई गईं।
यह साइबर हमला ऐसे समय में हुआ, जब भारत और पाकिस्तान एशिया कप के एक अहम क्रिकेट मैच की तैयारियों में जुटे हैं। हैकर्स ने उपमुख्यमंत्री के X अकाउंट पर अनाधिकृत तरीके से कब्जा कर लिया और आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की। जैसे ही यह खबर फैली, शिंदे के कार्यालय ने तुरंत साइबर क्राइम पुलिस को सूचना दी। साथ ही अकाउंट को वापस अपने नियंत्रण में लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
उपमुख्यमंत्री के X अकाउंट की देखरेख करने वाली तकनीकी टीम ने तेजी से कार्रवाई की। करीब 30 से 45 मिनट के भीतर अकाउंट को पूरी तरह सामान्य कर लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की घटनाएं डिजिटल सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाती हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी अधिकारियों के सोशल मीडिया अकाउंट्स की सुरक्षा के लिए और सख्त कदम उठाने की जरूरत है।
यह कोई पहली घटना नहीं है। हाल ही में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के आधिकारिक X अकाउंट को भी हैक किया गया था, जिसमें अजीब और अनुचित पोस्ट शेयर किए गए थे। बाद में उस अकाउंट को भी ठीक कर लिया गया। इस घटना के बाद साइबर क्राइम पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। साथ ही यह सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।