रायपुर। छत्तीसगढ़ में कबीरधाम (Kabirdham) जिले के कलेक्टर ने एसपी से सुरक्षा की गुहार लगाई है। कलेक्टर निवास के आसपास कुछ लोगों के जमावड़े को कलेक्टर गोपाल वर्मा ने गंभीर मानते हुए एसपी धर्मेंद्र छवई से यह सुरक्षा मांगी है। बता दें कि कबीरधाम उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा का गृह जिला है।
गृह मंत्री विजय शर्मा के गृह जिले में कलेक्टर ने एसपी को पत्र लिखकर कहा है कि वे आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था और कानून व्यवस्था बनाए। 15 अगस्त को कलेक्टर निवास के पास 20 से 25 लोगों ने धरना दिया, जिसकी वजह से कलेक्टर ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
इसके साथ ही उन्होंने पिछली घटना का जिक्र करते हुए कहा है कि कलेक्टर निवास के पास 20 से 25 की संख्या में लोगों का जमावड़ा पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर त्रुटि को दर्शाता है।
18 अगस्त को कलेक्टर ने एसपी को यह पत्र लिखा है। कलेक्टर ने पत्र में 20 मई 2024 के पत्र का जिक्र किया है, जब इसी तरह कलेक्टर निवास के पास लोगों का जमावड़ा लग गया था।
कलेक्टर ने पत्र में लिखा, ‘संदर्भित पत्र का अवलोकन करने का कष्ट करें। जिसमें 19 मई 2024 को रात के समय लगभग 25 से 30 व्यक्तियों का समूह कलेक्टर निवास के पास एकत्रित हो गए थे, का लेख किया गया है। ठीक इसी तरह 15 अगस्त 2025 को रात डेढ़ बजे 20-25 व्यक्तियों का समूह कलेक्टर निवास के पास आकर धरना दे रहा था।’
पत्र में कलेक्टर ने आगे लिखा, ‘कलेक्टर निवास के पास ही जिला एवं सत्र न्यायाधीश और पुलिस अधीक्षक का निवास स्थान भी है। ऐसी स्थिति में रात में करीब डेढ़ बजे 20-25 व्यक्तियों का समूह शहर में घूमना और कलेक्टर निवास के पास आकर धरना देना अत्यंत गंभीर है।’
कलेक्टर गोपाल वर्मा ने पत्र में आगे लिखा, ‘इस प्रकार रात के समय 20-25 व्यक्तियों का समूहों के साथ शहर में घूमना कहीं न कहीं अप्रिय घटना घटित होने के साथ रात में गश्त करने वाले पेट्रोलिंग और सुरक्षा व्यवस्था में लगी हुई पार्टियों की गंभीर त्रुटि काे प्रदर्शित करती है।’
कलेक्टर ने आगे लिखा कि रात के समय में इस प्रकार के समूहों में घूमने वाले व्यक्तियों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करें। साथ ही कलेक्टर निवास के पास जरूरी सुरक्षा व्यवस्था बनाते हुए भविष्य में इस प्रकार का धरना प्रदर्शन न हो, इस संबंध में आवश्यक व्यवस्था बनाने का कष्ट करें।