नई दिल्ली। संसद सत्र के ठीक पहले भाजपा ने भी विपक्ष के हमलों का जवाब देने के लिए अपनी कमर कस ली है। भाजपा के तेज तर्रार सांसद निशिकांत दुबे ने द लेंस से बातचीत में कहा है कि हम संसद चलाना चाहते हैं क्या होगा यह नहीं जानते लेकिन विपक्ष के हर सवाल का जवाब हमारे पास है। वहीं गोरखपुर में मौजूद भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा है कि विपक्ष चर्चा की जगह विवाद पैदा करना चाहता है। उन्होंने कहा कि सरकार ने वक्फ संशोधन विधेयक जैसे महत्वपूर्ण विधेयकों पर व्यापक चर्चा की है। सदन में आधी रात तक चर्चा हुई, बावजूद विपक्ष चर्चा में भाग ना लेकर हंगामा करता रहा। उन्होंने विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता को गुमराह करने की उनकी कोशिशें नाकाम होंगी। हमारी सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए पूरी तरह से तैयार है।
इसके पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर भाजपा नेताओं ने एक रणनीतिक बैठक की। जिसमें केंद्रीय मंत्री अमित शाह, पीयूष गोयल, किरेन रिजिजू, मनोहर लाल, जेपी नड्डा, एल. मुरुगन, अर्जुन राम मेघवाल और सीआर पाटिल समेत कई नेता शामिल हुए। इस दौरान पार्टी नेतृत्व ने आगामी संसद सत्र से संबंधित कई मुद्दों पर चर्चा की। गौरतलब है कि संसद का मानसून सत्र 21 जुलाई से शुरू होगा और 21 अगस्त तक चलेगा।
भाजपा की रणनीति तैयार
आज होने वाली सर्वदलीय बैठक के साथ, माना जा रहा है कि मंत्रिसमूह ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर सहित कई मुद्दों पर विपक्ष के आसन्न हमले को देखते हुए व्यापक रणनीति बनाई है। सर्वदलीय बैठक के एजेंडे पर फिलहाल सरकार की ओर से कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है। सरकार के लिए सबसे बड़ी चुनौती ऑपरेशन सिंदूर पर जवाबदेही को लेकर होगी। विपक्ष की मांग के बावजूद सरकार ने संसद का विशेष सत्र नहीं बुलाया था।
विपक्ष इन मुद्दों पर कर सकता है बहस की मांग
विपक्ष संसद में एसआईआर और ऑपरेशन सिंदूर जैसे मुद्दों पर बहस की मांग कर रहा है। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस जैसे प्रमुख विपक्षी दलों ने आरोप लगाया है कि अन्य राज्यों में लागू होने वाले एसआईआर का उद्देश्य भाजपा को लाभ पहुँचाना है। उन्होंने मोदी सरकार पर हमला करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के भारत और पाकिस्तान के बीच युद्धविराम में मध्यस्थता करने के दावे की सच्चाई जानने की भी रणनीति बनाई है। महत्वपूर्ण सरकार ने ट्रंप के दावे को खारिज कर दिया है, लेकिन विपक्ष बहस पर जोर दे रहा है। विपक्ष दो दिनों पहले ट्रंप द्वारा भारत के फाइटर जेट गिराए जाने के मुद्दे को संसद में उठाना चाहता है। सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर को एक बड़ी सफलता बताया है, जिसने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों और सैन्य ठिकानों को भारी नुकसान पहुंचाया।