रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव अमिताभ जैन 30 जून को रिटायर नहीं होंगे। वे अगले तीन महीने तक मुख्यसचिव बने रहेंगे। सरकार ने इस संबंध में फैसला लिया है। सरकार ने अमिताभ जैन को तीन महीने का एक्सटेंशन दिया है। इससे पहले सोमवार को बैठक को अमिताभ को आखिरी बैठक कहा जा रहा था। राज्यपाल रमेन डेका ने उन्हें विदाई दे दी थी। इसके बाद वे कैबिनेट की बैठक में शामिल होने गए, जहां यह बताया गया कि सरकार ने अमिताभ जैन को तीन महीने का एक्सटेंशन देने का फैसला लिया है।

बता दें कि सोमवार सुबह श्री जैन राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात की। राज्यपाल ने स्मृति चिन्ह और राजकीय गमछा देकर सेवाकाल की शुभकामनाएं दी। उन्होंने अमिताभ जैन के उज्ज्वल भविष्य और सुखद जीवन की कामना भी की थी।
पिछले करीब एक महीने से यह चर्चा चल रही थी कि छत्तीसगढ़ का अगला मुख्यसचिव कौन होगा। सोमवार को नए मुख्य सचिव की घोषणा कभी भी किए जाने की संभावना थी। इनमें रेणु पिल्ले, सुब्रत साहू और मनोज पिंगुआ के नाम की चर्चा थी। लेकिन, सरकार इस फैसले ने सबको हैरान कर दिया।
अब तक इन्होंने संभाला है छत्तीसगढ़ में मुख्य सचिव का पद
अरुण कुमार– 30 अक्टूबर 2000 से 31 जनवरी 2003
एस.के. मिश्रा– 31 जनवरी 2003 से 30 जून 2004
ए.के. विजयवर्गीय– 1 जुलाई 2004 से 7 नवंबर 2005
आर.पी. बागी– 7 नवंबर 2005 से 31 जनवरी 2007
शिवराज सिंह– 31 जनवरी 2007 से 31 जुलाई 2008
पी. जॉय उमेन– 31 जुलाई 2008 से 7 फरवरी 2012
सुनील कुमार– 7 फरवरी 2012 से 28 फरवरी 2014
विवेक ढांड– 28 फरवरी 2014 से 11 जनवरी 2018
अजय सिंह– 11 जनवरी 2018 से 2 जनवरी 2019
सुनील कुजूर– 2 जनवरी 2019 से 31 अक्टूबर 2019
आर.पी. मंडल– 31 अक्टूबर 2019 से 30 नवंबर 2020
अमिताभ जैन– 1 दिसंबर 2020 से 30 जून 2025