मुंबई। महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को विमल इलायची के विज्ञापन को लेकर नोटिस भेजा है। विभाग ने तीनों से विज्ञापन में उनकी भूमिका और ब्रांड से जुड़े होने पर जवाब मांगा है।
FDA का कहना है कि यह विज्ञापन पान मसाला जैसे प्रतिबंधित उत्पाद के अप्रत्यक्ष प्रचार का मामला हो सकता है।
क्या है मामला?
14 अगस्त को महाराष्ट्र FDA ने तीनों अभिनेताओं को नोटिस जारी किया। तीनों विमल इलायची के विज्ञापन में साथ नजर आए थे। विभाग के अनुसार विज्ञापन में ‘विमल इलायची’ का इस्तेमाल इस तरह किया गया है कि इससे विमल ब्रांड का पान मसाला से जुड़ाव बनता है। इससे लोग गुमराह हो सकते हैं और प्रतिबंधित उत्पाद का अप्रत्यक्ष प्रचार हो सकता है।
फूड सेफ्टी चीफ तुकाराम मुंडे की ओर से जारी नोटिस में अभिनेताओं से कई दस्तावेज मांगे गए हैं। इनमें एंडोर्समेंट एग्रीमेंट की कॉपी, कैंपेन ब्रीफ, पेमेंट की जानकारी और विज्ञापन से पहले की गई जांच-पड़ताल का सबूत शामिल है।
नोटिस में तीनों को विज्ञापन में अपनी भागीदारी तुरंत रोकने और अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से संबंधित प्रचार सामग्री हटाने को भी कहा गया है।
महाराष्ट्र में पान मसाला पर रोक
FDA ने महाराष्ट्र सरकार के 13 जुलाई 2026 के आदेश का हवाला दिया है। इसके तहत राज्य में पान मसाला के उत्पादन, भंडारण, परिवहन, वितरण और बिक्री पर एक साल के लिए रोक लगाई गई है। विभाग गुटखा, तंबाकू वाले पान मसाला और अन्य प्रतिबंधित उत्पादों के खिलाफ जांच तेज कर रहा है।
पहले भी हो चुकी है आलोचना
विमल इलायची के विज्ञापन को लेकर यह पहली बार विवाद नहीं है। 2022 में अक्षय कुमार भी शाहरुख खान और अजय देवगन के साथ इसी ब्रांड के विज्ञापन में नजर आए थे। आलोचना के बाद अक्षय कुमार ने माफी मांगी थी। उन्होंने कहा था कि वे तंबाकू का एंडोर्समेंट नहीं करते और लोगों की भावनाओं को देखते हुए विज्ञापन से पीछे हट रहे हैं। उन्होंने अपनी फीस अच्छे काम के लिए देने की बात भी कही थी। अभी तीनों अभिनेताओं से जवाब का इंतजार है। FDA की आगे की कार्रवाई उनके जवाब पर निर्भर करेगी।










