डिलिमिटेशन बिल पर स्टालिन ने साफ ‘ना’ कहा, पवार ने समय मांगा, राहुल ने कहा लड़ाई जारी है सब अच्छा

नई दिल्ली। परिसीमन विधेयक को लेकर इंडिया गठबंधन ने रविवार को जोरदार जोर आजमाइश nj। सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और ममता बनर्जी समेत विपक्षी नेताओं का चेन्नई में एम.के. स्टालिन और मुंबई में शरद पवार से संपर्क दोनों जगह ठोस नतीजा नहीं दे सका। स्टालिन ने तमिलनाडु के हित को सर्वोपरि बताते हुए बिल का समर्थन जारी रखा, जबकि अस्पताल में भर्ती शरद पवार ने सोमवार तक का समय ले लिया। इस बीच सुप्रिया सुले की नामौजूदगी ने NCP के रुख को अस्पष्ट बना दिया।

चेन्नई में स्टालिन से मुलाकात

रविवार सुबह दिल्ली से दो चार्टर प्लेन में विपक्षी प्रतिनिधिमंडल चेन्नई पहुंचा। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी, माकपा महासचिव एम.ए. बेबी और कपिल सिब्बल शामिल थे। स्टालिन के आवास पर करीब 70 मिनट चली बैठक में विपक्ष ने बिल का विरोध करने या कम से कम मतदान से दूर रहने का आग्रह किया।स्टालिन ने शिष्टाचार निभाया, राहुल गांधी को गले भी लगाया, लेकिन रुख नहीं बदला। बैठक के बाद उन्होंने साफ कहा कि अगर बिल हार गया तो तमिलनाडु को जो न्यूनतम सुरक्षा मिली है, वह भी छिन जाएगी। जनवरी 2027 में बनने वाला परिसीमन आयोग अगर 1971 के बाद की जनगणना पर आधारित हुआ तो दक्षिणी राज्यों की हिस्सेदारी घटेगी। उन्होंने कहा, “हमारे पास कोई विकल्प नहीं है। बिल का समर्थन ही तमिलनाडु के राजनीतिक भविष्य को अगले 25 साल तक सुरक्षित रखने का रास्ता है। विपक्ष के पास कोई वैकल्पिक योजना नहीं है।” स्टालिन ने जोर दिया कि केंद्र ने उनकी मांगों को लिखित में स्वीकार किया है और एकसमान 50 फीसदी सीट वृद्धि का फॉर्मूला दक्षिणी राज्यों के लिए फायदेमंद है। उनका नारा रहा—“Then, Now and Always: Tamil Nadu First।”

मुंबई की उड़ान और ब्रीच कैंडी अस्पताल में पवार से मुलाकात

चेन्नई से खाली हाथ लौटते हुए प्रतिनिधिमंडल शाम को मुंबई रवाना हुआ। रात करीब 9 बजे ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचा, जहां 85-86 वर्षीय शरद पवार डिहाइड्रेशन के इलाज में हैं। बैठक 30-35 मिनट चली। पवार अकेले थे, उनके आठ सांसदों में से कोई मौजूद नहीं था। राहुल गांधी और खरगे समेत नेताओं ने महाराष्ट्र की प्रगतिशील विरासत (फुले, शाहू, आंबेडकर) का हवाला देते हुए बिल का समर्थन न करने की अपील की।पवार ने कोई स्पष्ट आश्वासन नहीं दिया। उन्होंने कहा कि सोमवार सुबह वह सुप्रिया सुले और पार्टी सांसदों से बात करके फैसला करेंगे। प्रतिनिधिमंडल करीब 10.30 बजे अस्पताल से निकला, बिना मीडिया से बात किए। राहुल गांधी ने बाहर आकर कहा, ‘हमारी लड़ाई जारी है। सब ठीक है।’

सुप्रिया सुले की नामौजूदगी पर उठे सवाल

सबसे ज्यादा चर्चा सुप्रिया सुले की अनुपस्थिति पर हुई। वे जानती थीं कि इंडिया प्रतिनिधिमंडल अस्पताल में पवार से मिलने वाला है, फिर भी शाम को ही दिल्ली के लिए रवाना हो गईं। मुलाकात के बाद उन्होंने व्हाट्सएप स्टेटस पर “Delhi” लिखा। सूत्रों के मुताबिक उनकी बेटी और दामाद अस्पताल में मौजूद थे, लेकिन वे खुद नहीं। इससे पहले शनिवार को भी उन्होंने इंडिया बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से शामिल होने से इनकार कर दिया था। कारण बताया गया था पिता की तबीयत, लेकिन कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार के पवार पर “बैकस्टैबिंग” वाले बयान के बाद NCP सांसदों ने खुद उनसे बैठक से दूर रहने को कहा था।*पवार परिवार में भी दरार*इसी बीच पवार के पोते और विधायक रोहित पवार ने सुप्रिया सुले को खुला पत्र लिखकर बिल का विरोध करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पवार साहब बीमार हैं और फैसले लेने की स्थिति में नहीं। ऐसे में उनकी छह दशक की प्रगतिशील विरासत को दांव पर नहीं लगाना चाहिए। पत्र में फुले-शाहू-आंबेडकर की विचारधारा का जिक्र करते हुए कहा गया कि समर्थन करने से पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैलेगी।

आज की मुलाकात के राजनीतिक मायने

शनिवार को ही DMK ने बिल का समर्थन करने का प्रस्ताव पास कर लिया था और सांसदों ने अमित शाह से मुलाकात भी की थी। NCP (SP) की तरफ से पहले ही संकेत मिल रहे थे कि एकसमान 50 फीसदी वृद्धि और महिला आरक्षण अगर साथ आए तो समर्थन संभव है। लोकसभा की मौजूदा 543 सीटें बढ़कर 850 होने और हर राज्य में एकसमान बढ़ोतरी का फॉर्मूला दक्षिणी राज्यों को रियायत देता है, लेकिन विपक्ष इसे भाजपा द्वारा चुनावी नक्शा बदलने की कोशिश मानता है।रविवार की दोनों मुलाकातें इस बात की पुष्टि करती हैं कि परिसीमन बिल पर विपक्ष एकजुट नहीं रह सका। स्टालिन का रुख पक्का है, पवार ने सोमवार का इंतजार कराया है, और सुप्रिया सुले की दिल्ली पहुंचने की जल्दबाजी ने गठबंधन के अंदर अविश्वास और बढ़ा दिया है। संसद का विशेष सत्र सोमवार से शुरू होने वाला है। अब फैसला सांसदों के मतदान से साफ होगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now