छत्तीसगढ़ में नर्सिंग की 4 हजार खाली सीटों पर फिर शुरू हुई काउंसिलिंग, 22 नवंबर तक आवेदन, जानिए नए नियम

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नर्सिंग कॉलेजों की करीब 4 हजार खाली सीटों पर प्रवेश का रास्ता एक बार फिर खुल गया है। इंडियन नर्सिंग काउंसिल (INC) की ओर से प्रवेश की अंतिम तारीख बढ़ाने से इनकार किए जाने के बाद अब चिकित्सा शिक्षा संचालनालय ने दूसरे और तीसरे (मॉप-अप) चरण की संयुक्त काउंसिलिंग कराने का फैसला लिया है। राज्य काउंसिलिंग समिति ने इस संबंध में सूचना जारी की है। इसके तहत 20 नवंबर की सुबह 11 बजे से ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं। विद्यार्थी 22 नवंबर की दोपहर 2 बजे तक आवेदन कर सकेंगे।

नई व्यवस्था के तहत BSc Nursing, MSc Nursing, Post Basic BSc Nursing और Post Basic Diploma in Psychiatric Nursing पाठ्यक्रमों की खाली सीटों पर प्रवेश के लिए संयुक्त काउंसिलिंग कराई जाएगी। इसमें नए उम्मीदवारों को पंजीयन का मौका मिलेगा। वहीं, पहले से पंजीकृत पात्र विद्यार्थियों को भी दोबारा कॉलेज और पाठ्यक्रम का विकल्प चुनना होगा। पहले चरण में प्रवेश ले चुके पात्र विद्यार्थियों को नियमों के अनुसार Upgradation का विकल्प भी दिया जाएगा।

सभी उम्मीदवारों को दोबारा Choice Filling करनी होगी

राज्य काउंसिलिंग समिति के मुताबिक, संयुक्त काउंसिलिंग में शामिल होने वाले सभी पात्र उम्मीदवारों के लिए दोबारा Choice Filling और Locking करना अनिवार्य होगा। यानी जिन विद्यार्थियों ने पहले चरण में कॉलेज का विकल्प भरा था, उन्हें भी नए सिरे से अपनी पसंद दर्ज करनी होगी।

खाली सीटों पर अलग-अलग वर्गों और श्रेणियों के लिए आरक्षण तथा सीटों के आवंटन में बदलाव छत्तीसगढ़ नर्सिंग पाठ्यक्रम प्रवेश नियम, 2026 के नियम 10 और 11 के अनुसार किया जाएगा।

BSc Nursing में 10 Percentile वाले भी कर सकेंगे आवेदन

इस बार BSc Nursing में प्रवेश के लिए एक महत्वपूर्ण प्रावधान किया गया है। प्रवेश परीक्षा में 10 Percentile तक अंक प्राप्त करने वाले उम्मीदवार भी ऑनलाइन पंजीयन और कॉलेज चयन कर सकेंगे। हालांकि, यह प्रावधान केवल BSc Nursing पाठ्यक्रम के लिए लागू होगा। दूसरे नर्सिंग पाठ्यक्रमों के लिए यह छूट नहीं दी गई है।

पहले INC ने प्रवेश की तारीख बढ़ाने से किया था इनकार

इससे पहले छत्तीसगढ़ के नर्सिंग कॉलेजों में करीब 4 हजार सीटें खाली रहने के बावजूद प्रवेश प्रक्रिया आगे बढ़ने पर अनिश्चितता बनी हुई थी। इंडियन नर्सिंग काउंसिल ने 15 नवंबर के बाद प्रवेश की अंतिम तारीख बढ़ाने से इनकार कर दिया था।

दरअसल, इस साल नर्सिंग कॉलेजों की मान्यता और संबद्धता मिलने में देरी के कारण काउंसिलिंग समय पर शुरू नहीं हो सकी थी। प्रवेश की अंतिम तारीख से करीब एक सप्ताह पहले ही प्रक्रिया शुरू होने के कारण केवल एक चरण की काउंसिलिंग हो पाई थी। इसका असर सरकारी और निजी दोनों तरह के नर्सिंग कॉलेजों पर पड़ा। प्रदेश में शुरू हुए 9 नए सरकारी नर्सिंग कॉलेजों में भी सीटें खाली रह गई थीं।

चिकित्सा शिक्षा संचालनालय ने 10 नवंबर को INC से प्रवेश की तारीख बढ़ाने का अनुरोध किया था। लेकिन काउंसिल ने स्पष्ट किया था कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अंतिम तारीख पहले ही 15 नवंबर तक बढ़ाई जा चुकी है और अब अतिरिक्त समय नहीं दिया जा सकता।

निजी नर्सिंग कॉलेजों ने सरकार से की थी हस्तक्षेप की मांग

प्रवेश प्रक्रिया रुकने के बाद प्राइवेट नर्सिंग कॉलेज एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ ने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से हस्तक्षेप की मांग की थी। एसोसिएशन का कहना था कि मान्यता और काउंसिलिंग में प्रशासनिक देरी का नुकसान विद्यार्थियों को उठाना पड़ रहा है। बड़ी संख्या में पात्र उम्मीदवार प्रवेश से वंचित रह गए हैं।

22 नवंबर दोपहर 2 बजे तक मिलेगा मौका

राज्य काउंसिलिंग समिति ने विद्यार्थियों को निर्धारित समय के भीतर ऑनलाइन पंजीयन और Choice Filling/Locking पूरा करने के निर्देश दिए हैं। सीट आवंटन और प्रवेश से संबंधित आगे की जानकारी चिकित्सा शिक्षा संचालनालय की आधिकारिक वेबसाइट www.cgdme.in पर जारी की जाएगी।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories