दंतेवाड़ा में नक्सलियों का हथियारों का डंप बरामद, AK-47, ग्रेनेड और कुकर बम समेत भारी मात्रा में गोला-बारूद मिला

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा (Dantewada) जिले में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के छिपाए हथियारों और विस्फोटक सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया है। बारसूर थाना क्षेत्र के जंगलों में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान AK-47 राइफल, ग्रेनेड, कुकर बम, BGL लॉन्चर और बड़ी मात्रा में कारतूस मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, नक्सलियों ने इन हथियारों को पहले से जंगल और पहाड़ी इलाकों में छिपाकर रखा था।

पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों और स्थानीय मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर 16 नवंबर को वाकेली और 18 नवंबर को बुरदुम के जंगलों में तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान जिला पुलिस बल, डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG), बस्तर फाइटर्स और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की संयुक्त टीम शामिल रही।

AK-47 समेत कई हथियार और विस्फोटक बरामद

पुलिस ने बताया कि 18 नवंबर को शाम करीब चार बजे वाकेली के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में तलाशी के दौरान हथियारों का डंप मिला। इसमें एक AK-47 राइफल, उसकी मैगजीन और 25 कारतूस, एक .303 राइफल और उसके 34 कारतूस, दो BGL लॉन्चर, 28 BGL राउंड, सात BGL सेल, एक .315 बोर बंदूक और एक भरमार बंदूक बरामद हुई है।

इसके अलावा देसी ग्रेनेड, एक कुकर बम, करीब पांच मीटर कोडेक्स वायर, वॉकी-टॉकी सेट और उसका चार्जर भी मिला है। बरामद सामग्री को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

जंगलों में छिपाए हथियारों की तलाश जारी

दंतेवाड़ा पुलिस के मुताबिक, नक्सलियों के पुराने ठिकानों और दुर्गम इलाकों में छिपाए गए हथियारों की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। यह कार्रवाई बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बद्रीनारायण मीणा और दंतेवाड़ा पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह समेत वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की गई।

पुलिस ने स्थानीय लोगों से नक्सली गतिविधियों या जंगलों में संदिग्ध सामग्री की जानकारी मिलने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories