NMC के सख्त नए नियम – डॉक्टर और अस्पताल अब सोशल मीडिया और AI से प्रमोशन नहीं कर सकेंगे

लेंस न्यूज़। नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने डॉक्टरों और अस्पतालों के सोशल मीडिया इस्तेमाल को लेकर नए सख्त नियम जारी कर दिए हैं। ये गाइडलाइन बुधवार, 7 अक्टूबर को तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं। नए नियमों का मकसद मरीजों को गुमराह करने वाले दावों, फेक रिव्यू और भ्रामक विज्ञापनों से बचाना है।

NMC के अनुसार, अब डॉक्टर या अस्पताल अपनी मेडिकल सेवाओं के प्रमोशन के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, वेबसाइट, मैसेजिंग ऐप, पॉडकास्ट या इंफ्लुएंसर कैंपेन का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। खास तौर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से बनाए गए विज्ञापन और प्रमोशनल कंटेंट पर पूरी रोक लगा दी गई है। पिछले कुछ समय में कई डॉक्टर AI की मदद से अपना ब्रांड और सेवाएं बढ़ावा दे रहे थे, जिस पर अब लगाम कस दी गई है।

नए नियमों में मरीजों के टेस्टिमोनियल यानी उनके अनुभव और तारीफ वाले पोस्ट, पेड या फेक रिव्यू और इलाज के रिजल्ट का प्रमोशन पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। डॉक्टर किसी भी इलाज या सुविधा का ऐसा दावा नहीं कर सकते जिसे साबित करना मुश्किल हो। मरीजों की फोटो, वीडियो, क्लिनिकल इमेज या इलाज की कहानियां शेयर करने पर भी पाबंदी है। यहां तक कि मरीज की सहमति लेने के बाद भी इन्हें सोशल मीडिया पर पोस्ट नहीं किया जा सकेगा।

गाइडलाइन के मुताबिक, डॉक्टरों को कोई भी कंटेंट प्रकाशित करते समय अपनी पूरी जानकारी देनी होगी। इसमें उनकी योग्यता, रजिस्ट्रेशन स्टेटस और नेशनल मेडिकल रजिस्टर नंबर शामिल है। अस्पतालों को भी संबंधित डॉक्टरों की जानकारी स्पष्ट रूप से बतानी होगी। स्पॉन्सर्ड पोस्ट, इंफ्लुएंसर के जरिए प्रमोशन और AI जनरेटेड मटेरियल पर भी ये नियम लागू होंगे।

NMC का कहना है कि सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल से मरीजों को आकर्षित करने के कई तरीके अपनाए जा रहे थे, जिनमें कई बार गलत या अतिरंजित जानकारी दी जाती थी। इन नए नियमों से मेडिकल प्रमोशन को नियंत्रित करने और मरीजों के हितों की रक्षा करने की कोशिश की गई है। डॉक्टरों और अस्पतालों को अब इन दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करना होगा। उल्लंघन करने पर कार्रवाई भी हो सकती है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now