NSUI-ABVP pune : पुणे के सीओईपी टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल परिसर में शुक्रवार देर रात छात्र संगठनों के बीच तनावपूर्ण माहौल बन गया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के शनिवार को होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से ठीक पहले एनएसयूआई और एबीवीपी कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई। घटना के बाद परिसर में पुलिस की भारी तैनाती करनी पड़ी।
एबीवीपी का आरोप है कि कांग्रेस से जुड़े कार्यकर्ता छात्राओं पर कार्यक्रम में रजिस्ट्रेशन कराने का दबाव बना रहे थे। वहीं एनएसयूआई का दावा है कि कार्यक्रम के समर्थन में बयान देने वाली दो छात्राओं को एबीवीपी सदस्यों ने हॉस्टल में रोक लिया और धमकी दी। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगा रहे हैं।
पुलिस ने एबीवीपी छात्र पर हमले के मामले में छह नामजद आरोपियों समेत करीब 50-60 एनएसयूआई और यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया गया। हॉस्टल गेट के बाहर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और सड़क जाम करने की कोशिश की, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।
राहुल गांधी शनिवार को पुणे के एआईएसएसपीएमएस कॉलेज ग्राउंड में छात्रों से संवाद करेंगे। इससे पहले उन्होंने कोटा (17 जून), देहरादून (17 जुलाई) और प्रयागराज (8 अगस्त) में इसी श्रृंखला के कार्यक्रम किए थे। इनमें उन्होंने पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था की खामियों और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दे उठाए थे।
प्रयागराज में उन्होंने कहा था कि सिस्टम युवाओं को चक्रव्यूह में फंसा रहा है और रील्स को 21वीं सदी का नशा बताते हुए नौकरियों की कमी का जिक्र किया था। देहरादून में पेपर लीक के असर पर और कोटा में शिक्षा व्यवस्था से होने वाले तनाव पर बात की थी। पटना में प्रस्तावित कार्यक्रम आचार संहिता और अन्य तैयारियों की कमी के कारण रद्द हो गया था।
कांग्रेस का कहना है कि देशभर में छोटे शहरों और कस्बों में करीब 800 ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने जुलाई में सीडब्ल्यूसी बैठक के बाद इसकी पुष्टि की थी।
दोनों छात्र संगठनों के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी रहने से पुणे में राजनीतिक तापमान बढ़ गया है। पुलिस सुरक्षा व्यवस्था सख्त बनाए हुए है ताकि शनिवार का कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।








