अमित शाह का निशाना सोनिया गांधी पर, कहा- वंदे मातरम के अपमान को देश माफ नहीं करेगा

चित्तौड़गढ़। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को राजस्थान दौरे पर निंबाहेड़ा पहुंचे। यहां उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 21 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया और जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा।

अमित शाह ने आरोप लगाया कि वोट बैंक के लालच में कांग्रेस ने वंदे मातरम को भुला दिया था। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम के 150वें वर्ष पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से इसे फिर सम्मान दिलाने का काम किया है।

सोनिया गांधी पर क्या कहा?

जनसभा में शाह ने कहा कि कांग्रेस मुख्यालय पर वंदे मातरम गान के दौरान सोनिया गांधी ने पार्टी अध्यक्ष को गान रोकने को कहा। उन्होंने इसे टीवी पर सबने देखा। शाह ने कहा कि सोनिया गांधी जी, 140 करोड़ की जनता आपको देख रही है। आपके द्वारा किए गए इस कृत्य को देश की जनता माफ नहीं करेगी।

कांग्रेसियों को शर्म आनी चाहिए और बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की आत्मा तथा जनता से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई सपने में भी कैसे सोच सकता है कि वंदे मातरम का गान बीच में छोड़ दिया जाए।

अटल प्रतिमा का अनावरण और विकास कार्य

अमित शाह ने निंबाहेड़ा के जेके सर्किल पर बने मिनी अटल स्मारक में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया और पुष्प अर्पित किए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधायक श्रीचंद्र कृपलानी और सांसद सीपी जोशी भी मौजूद रहे।

शाह ने अटल जी के कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने विदेशी दबाव के बावजूद पोखरण में परमाणु परीक्षण कर भारत को परमाणु शक्ति बनाया। स्वर्णिम चतुर्भुज योजना से हाईवे बनाए और जनजाति विकास मंत्रालय की स्थापना की। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा पानी के तीन समझौतों की भी तारीफ की।

शाह ने चित्तौड़गढ़ समेत 15 जिलों के करीब 5659 करोड़ रुपये के 944 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।

अलवर में भी कार्यक्रम

इसके बाद अमित शाह अलवर के विजयनगर ग्राउंड पहुंचे। यहां वे हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास करेंगे। किसानों के खाते में मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि और फसल बीमा की राशि ट्रांसफर की जाएगी तथा युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।

कांग्रेस का विरोध

अलवर में कुछ कांग्रेस नेता सिर पर काली पट्टी बांधकर और काले गुब्बारे लेकर सभा स्थल की ओर जा रहे थे। पुलिस ने कई नेताओं को रास्ते में रोक लिया और कुछ को हिरासत में लिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। अमित शाह शनिवार रात उदयपुर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उनका स्वागत किया था।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now