रायपुर एयरपोर्ट को इंटरनेशनल दर्जा दिलाने की मांग, बृजमोहन अग्रवाल ने केंद्रीय मंत्री से की मुलाकात

Brijmohan Agrawal

रायपुर। छत्तीसगढ़ में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की शुरुआत की मांग रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल (Brijmohan Agrawal) ने उठाई है। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से इस सिलसिले में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का दर्जा देने और रायपुर से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग रखी।

बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि रायपुर छत्तीसगढ़ की राजधानी होने के साथ-साथ व्यापार, उद्योग और पर्यटन का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में रायपुर से सीधे अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होने से प्रदेश के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे व्यापारिक गतिविधियों के साथ पर्यटन और निवेश को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

सांसद ने मुलाकात के दौरान बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट, बिलासपुर के उन्नयन का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने एयरपोर्ट के विकास के लिए केंद्र सरकार से 300 करोड़ रुपए के विशेष केंद्रीय अनुदान की मांग की।

इसके साथ ही बिलासपुर एयरपोर्ट को मौजूदा 3C श्रेणी से बढ़ाकर 4C श्रेणी में अपग्रेड करने का प्रस्ताव भी केंद्रीय मंत्री के सामने रखा गया। 4C श्रेणी में उन्नयन होने से बड़े विमानों के संचालन और एयरपोर्ट की यात्री एवं उड़ान क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

बृजमोहन अग्रवाल ने केंद्रीय मंत्री से रायपुर से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बेहतर हवाई कनेक्टिविटी छत्तीसगढ़ को देश और दुनिया के प्रमुख शहरों से सीधे जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने रायपुर और बिलासपुर दोनों एयरपोर्ट के विकास को प्रदेश की आर्थिक और औद्योगिक जरूरतों से जोड़ते हुए केंद्र से आवश्यक सहयोग देने का आग्रह किया।

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now