Jantar Mantar पर प्रदर्शन तेज, वांगचुक का अनशन समाप्त,CJP ने कहा-‘शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बिना नहीं होगा प्रदर्शन खत्म

Jantar Mantar: लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने 26 दिनों से चले आ रहे अनशन को समाप्त कर दिया है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह से मुलाकात के बाद उन्होंने यह फैसला लिया। वांगचुक फिलहाल गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं।अपने एक्स पोस्ट में वांगचुक ने अनशन खत्म होने की जानकारी दी और कहा कि वे विस्तार से अपने फैसले के बारे में बताएंगे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से अपील की कि किसी भी स्थिति में शांति बनाए रखें और हिंसा से दूर रहें। उन्होंने लिखा, “सामने वाला कुछ भी करे, हमारा जवाब फूलों जैसा होना चाहिए।”

जंतर-मंतर पर तनाव, मेट्रो स्टेशन बंद

जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक मामले में जवाबदेही और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के नेतृत्व में छात्रों का प्रदर्शन पिछले एक महीने से चल रहा है। 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई थी, जिसमें कई लोग घायल हुए। इसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो के 18 स्टेशन बंद कर दिए गए हैं और कुछ इलाकों में इंटरनेट सेवाओं पर पाबंदी लगाई गई है। दिल्ली पुलिस ने सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं और केवल आपात स्थिति में ही छुट्टी मंजूर करने का आदेश जारी किया है।

सरकार बातचीत के लिए तैयार, CJP का शर्त

सरकार ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत का प्रस्ताव दिया है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के अनुसार, पिछले 24 घंटों में CJP को चार बार बातचीत के लिए आमंत्रित किया गया। हालांकि CJP ने कहा है कि बातचीत जंतर-मंतर पर या किसी तटस्थ जगह पर होनी चाहिए। वे किसी नेता के घर या कार्यालय में नहीं जाएंगे। CJP ने 24 जुलाई को देशभर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आह्वान किया है।

दिल्ली यूनिवर्सिटी की चेतावनी

दिल्ली विश्वविद्यालय ने अपने छात्रों और प्रोफेसरों से अपील की है कि वे जंतर-मंतर पर किसी भी प्रदर्शन या सभा से दूर रहें। विश्वविद्यालय ने कहा कि ऐसी गतिविधियों से छात्रों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है और उनके करियर पर बुरा असर पड़ सकता है। साथ ही नकली खबरों से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

हाईकोर्ट में सुनवाई, कांग्रेस का कैंडल मार्च

दिल्ली हाईकोर्ट में आज दोपहर 2:30 बजे जंतर-मंतर पर हुई हिंसा और पुलिस पर हमले से जुड़ी याचिका पर सुनवाई होनी है। याचिका में आरोपी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सार्वजनिक संपत्ति के नुकसान की भरपाई की मांग की गई है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी (DPCC) के अध्यक्ष देवेंद्र यादव आज शाम 6 बजे यूसुफ सराय में पेपर लीक के खिलाफ कैंडल मार्च निकालेंगे।

शुरुआत में NEET पेपर लीक के विरोध में शुरू हुआ यह आंदोलन अब देशव्यापी मुद्दा बन गया है। सोनम वांगचुक के अनशन, विभिन्न राज्यों से समर्थन और विपक्षी दलों की भागीदारी ने इसे बड़ा रूप दिया। 20 जुलाई की हिंसा के बाद सरकार का रुख बातचीत की ओर मुड़ा है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now