छत्तीसगढ़ के कुकदा डैम में पिकनिक मनाने गए युवक-युवती की डूबने से मौत

Kukda Dam

रायपुर। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के पाण्डुका थाना क्षेत्र अंतर्गत कुकदा पिकअप वियर (Kukda Dam) में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। रायपुर से पिकनिक मनाने पहुंचे एक युवक और युवती की डैम में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार रायपुर के शंकर नगर इलाके से चार दोस्त कार में सवार होकर कुकदा डैम घूमने पहुंचे थे। पिकनिक के दौरान युवक और युवती नहाने के लिए डैम में उतरे, लेकिन पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

मौके पर मौजूद उनके दो अन्य साथियों ने दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। हादसे में मृत युवती की पहचान 22 वर्षीय सिंपी सक्सेना और युवक की पहचान 30 वर्षीय पीयूष मंडल के रूप में हुई है। मृतक युवती रायपुर के पत्रकार अजय सक्सेना की बेटी है।

घटना की सूचना मिलते ही पाण्डुका पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों के शवों को पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

एसडीओपी निशा सिन्हा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से डूबने की बात सामने आई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कुकदा डैम में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। हर साल बड़ी संख्या में लोग यहां पिकनिक मनाने पहुंचते हैं, लेकिन सुरक्षा इंतजामों की कमी और लापरवाही के चलते हादसे होते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now