लेंस डेस्क। एक फ्लाइट में बोर्डिंग के दौरान अजीबो गरीब घटना सामने आई है। एक यात्री ने पैनिक अटैक से जूझ रहे युवक को थप्पड़ मार दिया। कोलकाता से मुंबई जा रही इंडिगो की फ्लाइट में यह घटना हुई है। यात्री के थप्पड़ मारने के बाद फ्लाइट में बैठे अन्य यात्रियों और फ्लाइट क्रू ने यात्री को डांट लगाई। दरअसल, यात्री के पैनिक अटैक की वजह से फ्लाइट उड़ान में देरी हुई, जिससे नाराज एक यात्री ने पैनिक अटैक से पीड़ित युवक को ही थप्पड़ मार दिया। इस घटना का वीडियो सामने आया है, जिसके बाद सोशल मीडिया में थप्पड़ मारने वाले यात्री को जमकर ट्रोल किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार एक युवक को बोर्डिंग प्रक्रिया के दौरान पैनिक अटैक आ गया। स्थिति को संभालने के लिए फ्लाइट क्रू के सदस्य उसे शांत कराने की कोशिश कर रहे थे और उसे अपने साथ ले जा रहे थे, ताकि माहौल सामान्य रखा जा सके। इसी वजह से यात्री ने थप्पड़ मार दिया, जिसके वजह से विमान के अंदर अफरातफरी बन गई।
इस पूरी घटना पर इंडिगो का आधिकारिक बयान सामने आया है। इंडिगो की तरफ से X पर पोस्ट किया गया, ‘हमें अपनी एक उड़ान में शारीरिक झड़प से संबंधित एक घटना की जानकारी है। इस तरह का अनियंत्रित व्यवहार पूरी तरह से अस्वीकार्य है और हम उन किसी भी कार्रवाइयों की कड़ी निंदा करते हैं जो हमारे यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा और सम्मान को खतरे में डालती हैं। हमारे चालक दल ने स्थापित मानक संचालन प्रक्रियाओं के अनुसार कार्रवाई की। शामिल व्यक्ति को अनियंत्रित के रूप में पहचाना गया और आगमन पर सुरक्षा अधिकारियों को सौंप दिया गया। सभी संबंधित नियामक एजेंसियों को प्रोटोकॉल के अनुसार विधिवत सूचित कर दिया गया है। हम अपनी सभी उड़ानों में एक सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’