रायपुर। 21 जून को कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र में नालंदा लाइब्रेरी के शिलान्यास को लेकर राजनीति शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को कुनकुरी के सलियाटोली गांव में करीब साढ़े 4 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले नालंदा परिसर (ई लाइब्रेरी) का भूमिपूजन किया था। इसी कार्यक्रम को लेकर बवाल मचा हुआ है।
नगरीय प्रशासन विभाग की तरफ से नगर पंचायत कुनकुरी के तहत सलियाटोली गांव में इस लाइब्रेरी के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। इसके लिए जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास ने शिलान्यास का जो पत्थर तैयार कराया था, उसमें नगर पंचायत कुनकुरी के अध्यक्ष विनयशील गुप्ता और उपाध्यक्ष दीपक केरकेट्टा का नाम था। इस कार्यक्रम में वे मंच पर बैठने की बजाए सामने दर्शक दीर्घा पर बैठे दिखे। इस कार्यक्रम को लेकर अध्यक्ष विनयशील ने thelens.in से शिकायती अंदाज में कहा – ‘यह काम हमारे विभाग यानी कि नगरीय प्रशासन विभाग की तरफ से किया गया और शिलापट्ट में मेरा नाम भी लिखा है लेकिन, कार्यक्रम के लिए हमें नहीं बुलाया गया। और न ही मंच पर आमंत्रित किया गया।’
अध्यक्ष विनयशील के इस शिकायत के बाद पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा – ‘इसको कहते हैं भाजपा की क्षुद्र राजनीति। नालंदा लाइब्रेरी के शिलान्यास का कार्यक्रम नगर पंचायत कुनकुरी का। शिलापट्ट में कुनकुरी के नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील जी और उपाध्यक्ष दीपक केरकेट्टा जी का नाम भी लिखा गया। पर कार्यक्रम में दोनों को मंच पर नहीं बुलाया गया। माननीय मुख्यमंत्री को भी इस पर आपत्ति नहीं हुई कि नगर के निर्वाचित अध्यक्ष को मंच पर नहीं बुलाया गया। क्या सिर्फ इसलिए कि उन्होंने एक विनम्र सुझाव रखा था कि लाइब्रेरी का नाम बिरसा मुंडा जी के नाम पर रख दें? या सिर्फ इसलिए कि वे कांग्रेस पार्टी की ओर से चुने गए जन प्रतिनिधि हैं? कैसे आदिवासी मुख्यमंत्री हैं आप कि बिरसा मुंडा के नाम पर आपत्ति है? कैसे भाजपा नेता हैं कि बिरसा मुंडा का तिरस्कार कर रहे हैं? नामकरण न करना हो, मत कीजिए, कम से कम जनप्रतिनिधियों का अपमान तो मत कीजिए। नाम का क्या है, आप रख देंगे तो अच्छा है, वरना जब हम आएंगे तब नाम रख लेंगे। भगवान बिरसा मुंडा की जय!!!!’
thelens.in ने इस मसले पर कलेक्टर रोहित व्यास से बात की तो उन्होंने कहा कि चूंकि इस लाइब्रेरी का निर्माण नगरीय प्रशासन विभाग के मद से किया जा रहा है, इसलिए कुनकुरी नगर पंचायत का जिक्र शिलापट्ट में किया गया। लेकिन, यह लाइब्रेरी सलियाटोली गांव में बनाई जा रही है और वहीं इसका भूमिपूजन भी किया गया। इसलिए, यह पंचायत विभाग का मामला है और यह कार्यक्रम भी ग्राम पंचायत का ही है।
बता दें कि कुनकुरी नगर पंचायत कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र में ही आता है और यह मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का क्षेत्र है। इसी विधानसभा से सीएम साय ने कांग्रेस के पूर्व विधायक यूडी मिंज को मात दी थी।
इसे भी पढ़ें : छत्तीसगढ़ पहुंचे सचिन पायलट, बोले- दिल्ली से चल रही सरकार, बैठक कर मानसून सत्र की रणनीति बनाएंगे