रायपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) छत्तीसगढ़ के अधिकारियों और कर्मचारियों के 18 अगस्त 2025 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के बाद अब स्वास्थ्य विभाग ने एक्शन शुरू कर दिया है। विभाग ने आंदोलन में शामिल 25 अधिकारियों और कर्मचारियों की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त करने का आदेश जारी किया है। बाकियों पर अलग से कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही दर्जनभर और लोगों पर बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया ने 29 अगस्त को एक आदेश जारी कर सभी को काम पर वापस लौटने के निर्देश दिए थे। आदेश का पालन न करने की स्थिति में उन्हें सेवा से पृथक किए जाने का उल्लेख भी आदेश में किया गया था।
विभाग ने इसके बाद काम पर वापस नहीं लौटने पर विभाग ने सेवा समाप्त का आदेश जारी कर दिया है।
विभाग की तरफ से कहा गया है कि 13 अगस्त 2025 को कार्यकारिणी समिति की बैठक में प्रस्तुत 10 मांगों में से 5 मांगों पर सहमति का आदेश जारी किया जा चुका था। बाकी के मांगों पर शासन स्तर पर विचार-विमर्श किया जा रहा था।
विभाग ने अपने आदेश में लिखा कि हड़ताल के दौरान विभिन्न स्तरों से बार-बार नोटिस जारी कर कर्मचारियों को कार्य पर लौटने के लिए कहा गया। इसके बावजूद भी अधिकारी और कर्मचारी काम पर नहीं लौटे, जिससे अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं बाधित हुईं और मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
विभाग की तरफ से जारी बर्खास्तगी आदेश में लिखा गया है कि जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही या बाधा बर्दाश्त नहीं की जा सकती। लोकहित को दरकिनार कर की गई यह हड़ताल नियमों के खिलाफ आचरण की श्रेणी में आती है और राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को प्रभावित करने वाली रही है।
यह भी पढ़ें : NHM के 16 हजार कर्मचारियों की हड़ताल शुरू