रायपुर। छत्तीसगढ़ के मंत्रीमंडल विस्तार को लेकर स्थिति लगभग साफ हो गई है। 3 विधायकों को मंत्री पद की शपथ के लिए आधिकारिक निमंत्रण मिल गया है। छत्तीसगढ़ के राजभवन में आज सुबह साढ़े 10 बजे तीन मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। राज्यपाल रमेन डेका शपथ दिलाएंगे। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ में पहली बार 14 मंत्रियों का मंत्रीमंडल होगा, जिसमें एक मुख्यमंत्री और दो उप मुख्यमंत्री होंगे। तीनों नए मंत्री शपथ लेने के बाद दिल्ली रवाना हो जाएंगे।
हरियाणा की तर्ज में छत्तीसगढ़ में पहली बार मंत्रियों की संख्या 14 होगी। इसे हरियाणा मॉडल इसलिए बोला जा रहा है, क्योंकि हरियाणा में भी 90 विधानसभा सीट है और वहां मुख्यमंत्री को मिलाकर 14 मंत्री बनते हैं।
जिन तीन विधायकों को मंत्री पद की शपथ के लिए आधिकारिक न्यौता मिला है, उनमें दुर्ग शहर के विधायक गजेंद्र यादव, रायपुर के आरंग के विधायक गुरु खुशवंत और अंबिकापुर के विधायक राजेश अग्रवाल के नाम की चर्चा है। खबर लिखे जाने तक यही जानकारी मिली है कि तीनों को न्यौता दे दिया गया है। ये तीनों विधायक ही सुबह साढ़े 10 बजे राजभवन में शपथ ले रहे हैं।
रायपुर में खुशवंत गुरु के मकान में इस न्यौता का असर भी नजर आया। इसकी वजह है कि आरंग विधायक के मकान के बाहर उनके समर्थकों का देर रात तक आना जाना लगा रहा। उनके समर्थक यह बोलते सुने गए कि भैया तो कल मंत्री बन रहे हैं। वहीं, रायपुर से जिन दो और विधायकों राजेश मूणत और पुरंदर मिश्रा के नाम की चर्चा हो रही थी, उनके घरों के आगे सन्नाटा पसरा रहा। दूसरी तरफ दुर्ग में भी गजेंद्र यादव के मकान के बाहर समर्थकों का देर रात तक आना जाना लगा रहा।
इतना ही नहीं, इसके अलावा चर्चा यह भी है कि बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल को कोई बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। साथ ही छत्तीसगढ़ के विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को किसी बड़े राज्य का राज्यपाल बनाए जाने की चर्चा है, लेकिन ये सब सिर्फ चर्चा और अटकलें हैं।
सुबह राजभवन में तीन विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। बीजेपी ने भी इस मामले में सूचना जारी की है। सुबह साढ़े 10 बजे शपथ ग्रहण के लिए सभी विधायकों को आमंत्रित किया है। विधायक दल के सचेतक सुशांत शुक्ला ने यह सूचना जारी की है। शपथ ग्रहण का शेड्यूल जारी होने के बाद राज्यपाल रमेन डेका रायपुर के गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर पहुंचे। जगन्नाथ मंदिर की देख रेख विधायक पुरंदर मिश्रा करते हैं। वे भी इस दौरान में राज्यपाल के साथ थे। उनका नाम भी मंत्री बनने की सूची में प्रमुखता से लिया जा रहा था।
यह भी पढ़ें: कल सुबह साढ़े 10 बजे 3 मंत्री लेंगे शपथ, BJP ने विधायकों को भेजा न्यौता, राज्यपाल जगन्नाथ मंदिर पहुंचे