द लेंस डेस्क। गाना ‘कांटा लगा’ से चर्चा में आईं अभिनेत्री शेफाली जरीवाला का 42 वर्ष की आयु में कार्डियक अरेस्ट के कारण निधन हो गया। खबरों के अनुसार, मुंबई के लोखंडवाला, अंधेरी में रहने वाली शेफाली की सुबह करीब 11 बजे अचानक तबीयत खराब हुई।
सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद उनके पति पराग त्यागी उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए, लेकिन वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कूपर अस्पताल भेजा गया है।फिल्म समीक्षक विकी लालवानी ने अपने इंस्टाग्राम पर शेफाली के निधन की पुष्टि की।
उनके मुताबिक, पराग उन्हें अंधेरी के बेलेव्यू अस्पताल लेकर गए थे, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही शेफाली की मृत्यु हो चुकी थी। विकी ने अस्पताल के प्रमुख डॉ. विजय लुल्ला से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कोई जानकारी साझा नहीं की। बाद में, अस्पताल के एक अन्य डॉक्टर, सुशांत ने इस खबर की पुष्टि की।
शेफाली की सेहत को लेकर पहले कोई गंभीर जानकारी सामने नहीं आई थी। हाल ही में, तीन दिन पहले उन्होंने एक फोटोशूट भी करवाया था।जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात शेफाली का शव पोस्टमॉर्टम के लिए कूपर अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल की सहायक चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि शव किसी अन्य अस्पताल से लाया गया था, और मृत्यु का सटीक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा। प्रशंसक और पुलिस अब इस रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।
मुंबई पुलिस के बयान के अनुसार, 27 जून को शेफाली अपने अंधेरी स्थित आवास पर मृत पाई गईं। पुलिस को रात 1 बजे इसकी सूचना मिली, जिसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कूपर अस्पताल भेजा गया। अभी तक मृत्यु का कारण पता नहीं चल सका है।