बिजनेस डेस्क। सोमवार को शेयर मार्केट में बड़ी गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स सुबह खुलते ही 3000 अंक से ज्यादा नीचे गिर गया। वहीं निफ्टी में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली है। निफ्टी 1000 अंक से ज्यादा लुढ़क गया है। इसके अलावा सोमवार को एशियाई बाजार भी धड़ाम हो गए। मार्केट में यह गिरावट अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ के कारण आई है। टैरिफ के कारण चीन ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए अमेरिकी सामान पर टैरिफ लगा दिया है। इससे दुनिया में ट्रेड वॉर की स्थिती निर्मित हो गई है।
सोमवार को सेंसेक्स 4 फीसदी की गिरावट के साथ 72,296 अंक पर खुला। वहीं निफ्टी 50 में 1146 अंक यानी 5 प्रतिशत की गिरावट आई। इस गिरावट के साथ यह 21,758 पर खुला। इस गिरावट से बीएसई लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 19.4 लाख करोड़ रुपये घटकर 383.95 लाख करोड़ रह गया।
एशियाई बाजार भी हुआ धड़ाम
भारत के अलावा दूसरे एशियाई बाजारों में भी भारी गिरावट देखने को मिल रही है। मंदी की आशंका ने हॉन्ग कॉन्ग और चीन के शेयर बाजारों को भी लहुलूहान कर दिया है। हॉन्ग कॉन्ग का हेंग सेंग बाजार खुलते ही 10 प्रतिशत से अधिक लुढ़क गया जो 2008 के आर्थिक संकट के बाद एक दिन में आई सबसे बड़ी गिरावट है।