दमोह। मध्यप्रदेश के दमोह में धार्मिक ध्वज हटवाने के विरोध में भाजपा और हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका सीएमओ के चेहरे पर कालिख पोत दी। इसके बाद चक्काजाम कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी अभिषेक तिवारी मौके पर हैं। इस दौरान हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने सीएमओ को निलंबित करने की मांग की है। वे कलेक्ट्रेट में इसके लिए ज्ञापन देंगे। हिन्दू संगठन का कहना है कि हिंदू धर्म के विरोधियों के साथ ऐसा ही व्यवहार किया जाएगा।
वहीं कलेक्टर सुधीर कोचर ने बताया, नवरात्रि के शुभारंभ पर घंटा घर पर शुक्रवार रात हिंदूवादी संगठन द्वारा ध्वज लगाया जा रहा था। नपा कर्मचारियों ने उन्हें ऐसा करने से रोका। इस कारण विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।
कर्मचारियों का कहना था कि नपा सीएमओ के आदेश पर ऐसा किया गया है। इस मामले में संबंधितों को नोटिस जारी किया गया है। संगठन को भी अपना पक्ष रखने के लिए कहा गया है।
सीएमओ पर कार्रवाई की मांग
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक सीएमओ के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। सकल हिंदू समाज के कार्यकर्तओं ने भी इस कार्रवाई का विरोध किया।
भाजपा नेता ने बताया कि नवरात्रि के मौके पर हर साल की तरह घंटाघर की सजावट की जा रही थी। सीएमओ शर्मा ने अपने कर्मचारियों को भेजकर धार्मिक ध्वज हटवाना शुरू कर दिया।
मंत्री बोले- गलती की मिलेगी सजा
पर्यटन संस्कृति राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने मामले पर कहा कि सीएमओ को इस प्रकार का कृत्य नहीं करना चाहिए। यह निश्चित तौर पर निंदनीय है। झंडा हटाना बात ठीक नहीं है। पार्षदों ने ज्ञापन दिया है। मैं इसे लेकर नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से बात करूंगा। यदि सीएमओ ने गलती की है तो उन्हें इसकी सजा जरूर मिलेगी।