नागपुर| महाराष्ट्र के नागपुर में 17 मार्च की हिंसा के कथित मास्टरमाइंड फहीम खान के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है।24 मार्च की सुबह 10 बजे से संजय बाग कॉलोनी में स्थित उनके दो मंजिला घर पर बुलडोजर चलना शुरू हुआ । नागपुर नगर निगम इसे अवैध निर्माण करार दिया था और फहीम को 24 घंटे में ढांचा हटाने का नोटिस दिया था। समयसीमा खत्म होने के बाद, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई शुरू हुई। फहीम खानइस समय पुलिस हिरासत में है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को कहा था, “हिंसा के दोषियों से नुकसान की भरपाई कराई जाएगी। जरूरत पड़ी तो बुलडोजर चलेगा।” इस कार्रवाई को उनके उस बयान का असर माना जा रहा है।नागपुर नगर निगम का दावा है कि फहीम की पत्नी जहिरुन्निसा के नाम पर दर्ज 86.48 वर्गमीटर का यह मकान बिना स्वीकृति के बना था, जो कानून का उल्लंघन है।
17 मार्च को विश्व हिंदू परिषद (VHP) के औरंगजेब की कब्र हटाने की मांग वाले प्रदर्शन के बाद अफवाहें फैलीं कि एक पवित्र चादर जलाई गई। इसके बाद भड़की हिंसा में 33 पुलिसकर्मी घायल हुए और 112 लोग गिरफ्तार किए गए। रविवार को शहर से कर्फ्यू हटा लिया गया, लेकिन संवेदनशील इलाकों में गश्त जारी है।
सुबह 10 बजे जैसे ही बुलडोजर ने पहला वार किया, आसपास भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने इलाके को घेर रखा है ताकि कोई बाधा न आए। यह नागपुर में हिंसा के आरोपी की संपत्ति पर पहली ऐसी कार्रवाई है। प्रशासन का कहना है कि यह सख्त संदेश देने की शुरुआत है।