उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का कहर, दिल्ली एयरपोर्ट पर 131 उड़ानें रद्द

December 17, 2025 11:14 AM
Weather Update

Weather Update: उत्तर भारत में सर्दी का मौसम जोर पकड़ रहा है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों में घना कोहरा और शीतलहर से लोगों का रोजमर्रा का जीवन प्रभावित हो रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई इलाकों में अलर्ट जारी किया है जबकि कोहरे की वजह से हवाई यात्रा भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार को 131 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं और 400 से ज्यादा उड़ानें देरी से चलीं।

दिल्ली और यूपी में घना कोहरा, विजिबिलिटी बेहद कम

दिल्ली में इन दिनों शीतलहर और घना कोहरा छाया हुआ है। न्यूनतम तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर 10 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा, लेकिन ठंडी हवाओं और कोहरे से ठंडक काफी बढ़ गई है। आसमान ज्यादातर साफ है और बारिश की कोई संभावना नहीं है। दक्षिणी उत्तर प्रदेश में शीतलहर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।कोहरे के कारण एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी कई बार 50 मीटर तक गिर गई, तो कई बार जीरो भी हो गई। इससे दूसरे शहरों से आने वाली 15 से ज्यादा उड़ानें जयपुर, लखनऊ और अहमदाबाद जैसे शहरों में डायवर्ट करनी पड़ीं। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जरूर जांच लें।

इंडिगो की यात्रियों को चेतावनी

एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने उत्तर और पूर्वी भारत में घने कोहरे की वजह से एडवायज़री जारी की है। कंपनी ने कहा कि सर्दियों में सुबह के समय कोहरा छाने से दृश्यता कम हो सकती है जिससे उड़ानें धीमी हो सकती हैं या देरी हो सकती है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुछ उड़ानों में बदलाव या देरी हो सकती है। यात्रियों से अनुरोध है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले फ्लाइट स्टेटस चेक करें और अतिरिक्त समय रखें।

राजस्थान, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की ठंड

राजस्थान में शीतलहर जारी है। कई जगहों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में हल्का कोहरा छाया रहा और ठंड आगे बढ़ने की आशंका है। हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में ठंड बहुत तेज है। कुछ जगहों पर तापमान 0 से 5 डिग्री सेल्सियस तक रहा। बीते दिन मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा, लेकिन ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कोहरा देखा गया। हाल की बर्फबारी के बाद सड़कें फिसलन भरी हैं। 17-18 दिसंबर से नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आने से ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी या बारिश हो सकती है।

जम्मू-कश्मीर की कश्मीर घाटी में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पुलवामा और शोपियां जैसे इलाकों में न्यूनतम तापमान -3 से -5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। बादल छाए रहने से तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई लेकिन ठंड बरकरार है। 17-18 दिसंबर तक ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है। चिल्लई कलां (कश्मीर की सबसे ठंडी अवधि) 21 दिसंबर से शुरू होने वाली है, उससे पहले 20-21 दिसंबर को हल्की बर्फबारी या बारिश हो सकती है।

दक्षिण भारत में बारिश की चेतावनी

उत्तर भारत में ठंड का कहर है तो दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है। तमिलनाडु और केरल में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। आईएमडी के अनुसार उत्तर भारत में कोहरा और शीतलहर कुछ दिनों तक जारी रह सकती है। सड़क यात्रा करने वालों को भी धीरे चलाने और विजिबिलिटी का ध्यान रखने की सलाह दी गई है। उत्तर भारत में घने कोहरे से कई एक्सीडेंट की घटना हो चुकी है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 5 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now