रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नाबालिग बच्ची के साथ गंभीर अपराध का मामला सामने आया है। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में 8 वर्षीय बच्ची का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। आरोपी ने बच्ची को खाना खिलाने का झांसा देकर कार में बैठाया और फिर वीआईपी रोड ले जाकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता सिग्नल पर अन्य बच्चों के साथ वाहन चालकों से पैसे मांगकर गुजर-बसर करती थी। बुधवार रात करीब 9:30 बजे स्विफ्ट कार सवार आरोपी नवीन (21) ने बच्ची को बहला-फुसलाकर गाड़ी में बैठाया और घटना को अंजाम दिया। काफी देर तक बच्ची घर नहीं लौटी तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
परिजनों की सूचना पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। रातभर चली तलाश के बाद पुलिस ने गुरुवार तड़के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया है। पीड़िता की मेडिकल जांच सहित अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बता दें कि पिछले महीने भी सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 9 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया था, जिसमें आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। लगातार हो रही घटनाओं से राजधानी में नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें : रायपुर में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी की दुकान को अवैध बताकर निगम ने चलाया बुलडोजर









